इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2022 सीजन में राजस्थान रॉयल्स (RR) का शानदार प्रदर्शन लगातार जारी है. टीम ने रविवार को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए मैच में लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) को 3 रनों से पटक दिया. इसी के साथ राजस्थान टीम पॉइंट्स टेबल में भी टॉप पर पहुंच गई है.
वानखेड़े में खेले गए इस मैच में राजस्थान ने 166 रन का टारगेट सेट किया था. जवाब में लखनऊ टीम के लिए कप्तान केएल राहुल और क्विंटन डिकॉक ओपनिंग करने आए. जबकि राजस्थान टीम के लिए पहला ओवर करने की जिम्मेदारी न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज ट्रेंट बोल्ट को मिली. किसी ने नहीं सोचा होगा कि यह पहला ओवर ही लखनऊ की हार तय कर देगा, लेकिन हुआ ठीक ऐसा ही.
ट्रेंट बोल्ट के पास था हैट्रिक का मौका
दरअसल, लेफ्टआर्म पेसर ट्रेंट बोल्ट ने पहले ओवर में 'राउंड द विकेट' से गेंदबाजी की. इसी के साथ उन्होंने पहली ही बॉल पर केएल राहुल को क्लीन बोल्ड कर दिया. उसके बाद नए बल्लेबाज कृष्णप्पा गौतम आए और उन्हें भी बोल्ट ने पहली ही बॉल पर LBW आउट कर दिया. हालांकि बोल्ट अपनी हैट्रिक पूरी नहीं कर सके, लेकिन उन्होंने यहीं से राजस्थान की जीत की नींव रख दी थी.
Kl Rahul out on a golden duck 😱😱😱😭😭😭😭🥹🥹🥹🥲🥲
— ᎪᎷᏆͲ ᏦႮᎷᎪᎡ (@AmitKum50993580)
जिमी नीशाम ने दिया था यह आइडिया
मैच के बाद ट्रेंट बोल्ट ने खुलासा किया कि उन्हें पहले ओवर में 'राउंड द विकेट' से गेंदबाजी करने की सलाह न्यूजीलैंड के ही स्टार ऑलराउंडर जिमी नीशाम ने दी थी. बोल्ट ने कहा- केएल राहुल के खिलाफ इस रणनीति (राउंड द विकेट से गेंदबाजी) का आइडिया जिमी नीशाम का था. हालांकि (हंसते हुए कहा) मैं उसे इसके लिए ज्यादा क्रेडिट नहीं देना चाहता हूं. मेरा रोल नई बॉल से ज्यादा से ज्यादा विकेट लेने का होता है.
राजस्थान ने 3 रनों के अंतर से मैच जीता
मैच में राजस्थान रॉयल्स ने टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 6 विकेट पर 165 रन बनाए थे. जवाब में नवाबी टीम लखनऊ सुपर जायंट्स 8 विकेट पर 162 रन ही बना सकी. इस तरह राजस्थान टीम ने 3 रनों से यह मैच जीत लिया. जीत के साथ राजस्थान टीम पॉइंट्स टेबल में टॉप पर पहुंच गई है. उसने अब तक 4 में से 3 मैच जीते हैं और टीम के अब 6 पॉइंट हो गए हैं. लखनऊ टीम भी हार के बाद 5वें नंबर पर है.