कतर में खेले जा रहे फीफा वर्ल्ड कप 2022 में ब्राजील की टीम भी अपना दमखम दिखाने जा रही है. ब्राजील ने अबतक सबसे ज्यादा पांच बार वर्ल्ड कप खिताब पर कब्जा जमाया है और अब उसकी नजरें छठे खिताब पर हैं. वैसे यह अलग बात है कि ब्राजील की टीम 2002 के बाद से एक भी बार खिताब नहीं जीत पाई है. ब्राजील को इस वर्ल्ड कप के लिए ग्रुप-जी में रखा गया है जिसमें कैमरून, स्विट्जरलैंड और सर्बिया भी शामिल है.
ब्राजील के खिलाड़ियों ने फीफा विश्व कप के लिए खास योजना बनाई है. इसके मुताबिक वे प्रत्येक गोल का जश्न डांस करके मनाएंगे. टीम सर्बिया के खिलाफ पहला मुकाबला खेलेगी और सभी खिलाड़ी इससे पहले काफी खुश हैं. उन्होंने प्रत्येक गोल का जश्न मनाने के लिए अपने डांस करने के लिए तैयारी कर ली है और वह रिहर्सल भी कर रहे हैं. और यह सिर्फ एक या दो या तीन गोल के लिए नहीं, बल्कि सभी 10 गोल के लिए अलग-अलग होगा.
क्लिक करें- फीफा वर्ल्ड कप का पहला उलटफेर, सऊदी अरब ने अर्जेंटीना को रौंदा
ब्राजील के फॉरवर्ड राफिन्हा ने कहा, 'सच बताऊं तो हमने 10वें गोल तक के लिए अपने डांस की तैयारी कर ली है. हमने प्रत्येक गोल के लिए अलग-अलग डांस तैयार किया है जो 10वें गोल तक के लिए है. अगर हमारे 10 से ज्यादा गोल होते हैं तो हम फिर से नई तरह का डांस करेंगे.'
डांस की वजह से विवाद में फंस चुका ये प्लेयर
विनिसियस जूनियर रियाल मैड्रिड में अपने डांस की वजह से विवाद में फंस गए थे. स्पेन में आलोचनाओं के बावजूद वह और साथी रोड्रिगो गोल होने के बाद डांस से जश्न मनाते रहे और उन्होंने कहा था कि विश्व कप में राष्ट्रीय टीम के साथ भी इसे जारी रखेंगे. राफिन्हा और नेमार ने सार्वजिनक रूप से विनिसियस जूनियर का समर्थन किया था.
स्ट्राइकर रिचार्लिसन ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि वे और उनके साथी विश्व कप में आराम से गोल कर पाएंगे. उन्होंने कहा, 'जब ब्राजील की राष्ट्रीय टीम के लिए आप 9 नंबर की जर्सी पहनते हो तो आप गोल करना चाहते हो. ब्राजील के ग्रुप-जी में अन्य मैच स्विट्जरलैंड और कैमरून के खिलाफ होंगे. ब्राजीली फैन्स की खास नजरें नेमार जूनियर पर रहने वाली हैं जो पीएसजी के लिए क्लब फुटबॉल खेलते हैं.