आईपीएल 2026 में सोमवार को दिल्ली कैपिटल्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच एक मुकाबला खेला गया. नई दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में 18 वर्षीय साहिल पारख को IPL डेब्यू कैप सौंपी गई. इस मैच के लिए दिल्ली ने अपनी प्लेइंग 11 में तीन बदलाव किए और साहिल के साथ ही काइल जैमिसन, दुस्मंथ चमीरा को भी टीम में शामिल किया.
पराख को पथुम निसंका की जगह KL Rahul के साथ ओपनिंग के लिए उतारा गया. टीम ने यह बदलाव Punjab Kings के खिलाफ उसी मैदान पर मिली चौंकाने वाली हार के बाद किया, जहां 264 रन बनाने के बावजूद दिल्ली मैच नहीं बचा सकी थी.
हालांकि, साहिल पराख का डेब्यू निराशाजनक रहा. वह दो गेंदों पर बिना खाता खोले आउट हो गए. अनुभवी गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार ने शानदार गेंद डालते हुए उनका मिडल स्टंप उखाड़ दिया. लेकिन आपके लिए ये जानना जरूरी है कि आखिर साहिल पराख हैं कौन...
कौन हैं साहिल पराख
साहिल पराख ने अंतरराष्ट्रीय युवा स्तर पर अपनी पहचान बनाई थी. 2024 में पुदुचेरी में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेले गए यूथ वनडे में उन्होंने नाबाद शतक जड़ा था, जिससे उनकी बल्लेबाजी क्षमता सामने आई.
उन्होंने यही फॉर्म महाराष्ट्र प्रीमियर लीग 2025 में भी जारी रखी, जहां ईगल नाशिक टाइटंस के लिए खेलते हुए 8 मैचों में 202 रन बनाए और 177.19 की स्ट्राइक रेट से प्रभावित किया. क्वालिफायर-2 में 33 गेंदों पर 68 रन की पारी खेलकर टीम को फाइनल में पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई.
पराख ने पिछले साल महाराष्ट्र के लिए सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में डेब्यू किया, जहां उन्हें सिर्फ दो मैच खेलने का मौका मिला. उनकी प्रतिभा को देखते हुए Delhi Capitals ने IPL 2026 ऑक्शन में उन्हें 30 लाख रुपये के बेस प्राइस पर खरीदा. हाल ही में वह प्रैक्टिस के दौरान चेहरे पर चोट लगने के कारण भी चर्चा में रहे थे. महज 18 साल की उम्र में वह अभी सीखने के दौर में हैं, लेकिन उन्हें भविष्य का बड़ा सितारा माना जा रहा है.