scorecardresearch
 

'जिम्मेदारी आपकी...', तिलक वर्मा पर बरस पड़े सुनील गावस्कर, करारी हार के बाद अप्रोच पर उठाए सवाल

तिलक वर्मा ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ मुकाबले में अपनी बल्लेबाजी से फैन्स को खासा निराश किया. तिलक सिर्फ एक रन बनाकर मार्को जानसेन का शिकार बने. सुनील गावस्कर ने अब तिलक वर्मा की क्लास लगाई है.

Advertisement
X
तिलक वर्मा का खराब प्रदर्शन जारी है. (Photo: AFP)
तिलक वर्मा का खराब प्रदर्शन जारी है. (Photo: AFP)

आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 स्टेज में भारतीय टीम की शुरुआत बेहद खराब रही. भारतीय टीम को साउथ अफ्रीका के हाथों अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में 76 रनों से हार झेलनी पड़ी. भारत 188 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए 111 रन पर ढेर हो गया. यह हार टीम इंडिया के लिए कड़वी हकीकत लेकर आई.

शुरुआती ओवर में ही एडेन मार्करम ने ईशान किशन को आउट कर भारत को पहला झटका दे दिया. इसके बाद नंबर-3 पर आए तिलक वर्मा से उम्मीद थी कि वह पारी को संभालेंगे, खासकर तब, जब जरूरी रनरेट 10 से कम था और समय मौजूद था. लेकिन तिलक ने संयम दिखाने के बजाय आक्रामक रुख अपनाया. दूसरे ही ओवर में मार्को जानसेन के खिलाफ बड़ा शॉट खेलने की कोशिश में वह विकेटकीपर क्विंटन डिकॉक को कैच थाम दे बैठे.

तिलक वर्मा सिर्फ 1 रन बनाकर लौटे. इसके बाद भी भारतीय टीम के विकेट्स गिरने का सिलसिला जारी रहा और सूर्या ब्रिगेड पूरे 20 ओवर्स भी नहीं खेल पाई. मुकाबले की समाप्ति के बाद टीम इंडिया के पूर्व कप्तान और महान बल्लेबाज सुनील गावस्कर ने तिलक की बल्लेबाजी पर खुलकर सवाल उठाए. गावस्कर ने साफ कहा कि लक्ष्य कठिन जरूर था, लेकिन हालात ऐसे नहीं थे कि शुरुआत से ही बड़ा शॉट खेलने की जरूरत पड़े.

Advertisement

'वह समझदार बल्लेबाज, लेकिन...'
मैच के बाद स्टार स्पोर्ट्स से सुनील गावस्कर ने कहा, 'वह (तिलक वर्मा) बहुत समझदार बल्लेबाज हैं, लेकिन उनके अप्रोच से मैं निराश था. एक विकेट गिर चुका था. रनरेट 9.5 था, 15 नहीं. आपको थोड़ा समय देना चाहिए था. अभिषेक ने रन नहीं बनाए थे, इसलिए जिम्मेदारी आपकी थी कि साझेदारी बनाएं और पावरप्ले पार कराएं. 70 नहीं तो 55 का स्कोर भी अच्छा प्लेटफॉर्म होता.' सुनील गावस्कर की यह टिप्पणी इसलिए भी अहम है क्योंकि मौजूदा टूर्नामेंट में तिलक का प्रदर्शन औसत रहा है.

पांच मैचों में तिलक वर्मा ने 21.40 के एवरेज और 118.88 की स्ट्राइक रेट से 107 रन बनाए हैं, जो उनके सामान्य टी20 मानकों से कम है. यह प्रदर्शन उनके साउथ अफ्रीका के खिलाफ पिछले रिकॉर्ड से बिल्कुल उलट है. इससे पहले उन्होंने साउथ अफ्रीका के खिलाफ 10 टी20 इंटरनेशनल मैचों में 70.85 की औसत और 163.15 की स्ट्राइक रेट से 496 रन बनाए थे, जिसमें दो शतक और दो अर्धशतक शामिल रहे. आंकड़े उनके पक्ष में थे, लेकिन इस अहम मुकाबले में वह असर नहीं दिखा सके.

टॉप ऑर्डर की लगातार नाकामी के बीच नंबर-3 की भूमिका और अहम हो गई है. भारतीय टीम के सहायक कोच रयान टेन डोशेट ने संकेत दिए कि संजू सैमसन की वापसी पर विचार हो सकता है. संजू ने नामीबिया के खिलाफ 8 गेंदों में 22 रन बनाकर आक्रामक शुरुआत दिखाई थी. सुपर-8 में आगे जिम्बाब्वे और वेस्टइंडीज के खिलाफ मुकाबले बचे हैं. टीम मैनेजमेंट संतुलन और लय वापस पाने के लिए बदलाव कर सकता है. क्या तिलक वर्मा की जगह संजू को मौका मिलेगा या उनकी भूमिका में बदलाव होगा, यह देखना दिलचस्प होगा...

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement