भारतीय टीम ने 8 मार्च (रविवार) को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में हुए आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल में न्यूजीलैंड को 96 रनों से पराजित किया. भारतीय टीम ने लगातार दूसरी बार टी20 वर्ल्ड कप जीता है. ओवरऑल उसका ये तीसरा टी20 वर्ल्ड कप टाइटल रहा. साल 2007 में महेंद्र सिंह धोनी की अगुवाई में भारतीय टीम ने टी20 वर्ल्ड कप का पहला संस्करण अपने नाम किया था. वहीं 2024 के टी20 वर्ल्ड कप में रोहित शर्मा की अगुवाई में भारतीय टीम विजेता बनी.
न्यूजीलैंड के खिलाफ भारतीय टीम की जीत के बाज जश्न के कई भावुक और यादगार पल देखने को मिले़. इन्हीं में से एक खास पल मैदान पर देखने को मिला, जब पूर्व कप्तान रोहित शर्मा और टीम इंडिया के मौजूदा हेड कोच गौतम गंभीर एक-दूसरे से गले मिले. इस मुलाकात का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
वीडियो में देखा जा सकता है कि गौतम गंभीर पूर्व भारतीय कप्तान रोहित शर्मा की ओर बढ़ते हैं और दोनों एक-दूसरे को गले लगा लेते हैं. उसी दौरान इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) के चेयरमैन जय शाह भी वहां मौजूद थे और बाद में वह भी इस भावुक पल का हिस्सा बनते दिखाई दिए.
यह पल भारतीय क्रिकेट की उस संस्कृति को भी दर्शाता है, जहां मौजूदा और पूर्व खिलाड़ी एक-दूसरे के प्रति सम्मान और अपनापन दिखाते हैं. इस खास मौके पर 2007 टी20 वर्ल्ड कप और क्रिकेट वर्ल्ड कप 2011 जीतने वाली भारतीय टीम के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी भी स्टेडियम में मौजूद थे.
धोनी ने गंभीर के नाम लिखा स्पेशल पोस्ट
गौतम गंभीर और महेंद्र सिंह धोनी के बीच अतीत में मतभेदों की खबरें सामने आती रही हैं. गंभीर और कुछ अन्य खिलाड़ियों ने पहले धोनी की कप्तानी को लेकर आलोचना भी की थी और क्रिकेट वर्ल्ड कप 2011 के बाद अपने अंतरराष्ट्रीय करियर के खत्म होने को लेकर सवाल उठाए थे. लेकिन वर्ल्ड कप जीत के बाद धोनी ने बड़े दिल का परिचय देते हुए कोच गौतम गंभीर की जमकर तारीफ की.
यह भी पढ़ें: MS धोनी ने कोच गंभीर को लेकर खास पोस्ट, टीम इंडिया के चैम्पियन बनने पर माही की बधाई VIRAL
महेंद्र सिंह धोनी ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर लिखा, 'अहमदाबाद में इतिहास बना है. टीम, सपोर्ट स्टाफ और दुनियाभर के भारतीय क्रिकेट फैन्स को बधाई. कोच साहब मुस्कान आप पर खूब जंच रही है. मुस्कान के साथ जोश का मेल एक शानदार संयोजन है. बहुत बढ़िया.' धोनी ने साथ ही तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह की भी तारीफ करते हुए उन्हें 'चैम्पियन गेंदबाज' बताया.