scorecardresearch
 

रोज 100-150 छक्कों की प्रैक्टिस… धोनी स्टाइल हेलिकॉप्टर से वार, ये है मुकुल चौधरी का ‘फिनिशर फॉर्मूला'

मुकुल चौधरी ने खुलासा किया कि वह रोज 100-150 छक्कों की प्रैक्टिस करते हैं, और यही मेहनत उनके खेल में दिख रही है. इससे पहले भी वह Syed Mushtaq Ali Trophy में दमदार प्रदर्शन कर चुके हैं, जबकि कोच Justin Langer उन्हें भारत का खतरनाक फिनिशर मानते हैं.

Advertisement
X
मुकुल चौधरी रातोरात सुर्खियों में.... (Photo. PTI)
मुकुल चौधरी रातोरात सुर्खियों में.... (Photo. PTI)

कोलकाता के ईडन गार्डन्स में गुरुवार रात, जब कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के खिलाफ लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) लगभग हार की कगार पर थी, तब मुकुल ने 27 गेंदों में नाबाद 54 रन ठोककर मैच पलट दिया.

24 गेंदों पर 54 रन चाहिए थे, टीम के 7 विकेट गिर चुके थे… और सामने सिर्फ टेलेंडर्स. शुरुआत भी आसान नहीं रही- पहली 5 गेंदों पर सिर्फ 1 रन. लेकिन इसके बाद जो हुआ, वो ‘फिनिशर मोड’ था- अगली 22 गेंदों में 53 रन, जिसमें 7 छक्के शामिल थे.

हेलिकॉप्टर शॉट- बचपन से अभ्यास

मुकुल ने मैच के बाद बताया, 'मैंने ये शॉट बचपन से प्रैक्टिस किया है. मुझे हमेशा धोनी का फिनिशिंग स्टाइल पसंद रहा. वो यॉर्कर पर भी छक्का मार देते थे… और जब आप ऐसा करते हैं, तो गेंदबाज सोचने पर मजबूर हो जाता है.'

17वें ओवर में वैभव अरोड़ा की गेंद पर लगाया गया हेलिकॉप्टर शॉट इस पारी का टर्निंग पॉइंट बना.

ताकत + मेहनत = मुकुल का फॉर्मूला

मुकुल की ताकत सिर्फ नेचुरल पावर नहीं, बल्कि कड़ी मेहनत का नतीजा है. उन्होंने खुद कहा,  मेरी बॉडी थोड़ी पावरफुल है, लेकिन मैं रोज 100-150 छक्कों की प्रैक्टिस करता हूं. इससे बैट स्पीड डेवलप होती है. पिछले 5-6 महीनों से मैंने इस पर बहुत काम किया है.'

Advertisement

पहले ही दे चुके थे संकेत

आईपीएल से पहले ही मुकुल ने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी (Syed Mushtaq Ali Trophy) में अपनी झलक दिखा दी थी. उन्होंने राजस्थान की ओर से खेलते हुए दिल्ली के खिलाफ रनों की बारिश कर दी थी.

- 26 गेंदों में नाबाद 62 रन - 238.46 का स्ट्राइक रेट
- 7 छक्के, 1 चौका
- 176 रन के लक्ष्य का सफल पीछा

इस टूर्नामेंट में उनका स्ट्राइक रेट 198.85 रहा, जो बताता है कि ये ‘वन-नाइट वंडर’ नहीं, बल्कि एक उभरता हुआ फिनिशर है.

LSG का भरोसा और लैंगर का विजन

Lucknow Super Giants ने मुकुल पर 2.6 करोड़ रुपये खर्च किए और कोच जस्टिन लैंगर ने उनमें खास बात देखी.

लैंगर का मानना है कि मुकुल भारत के सबसे खतरनाक नंबर 6 या 7 बल्लेबाज बन सकते हैं.

जब इतना बड़ा कोच आप पर भरोसा दिखाए, तो लगता है कि उसने आपमें कुछ खास देखा है. वो रोज 10-15 मिनट मेरे साथ अलग से काम करते हैं… और वही मैच में काम आया.

‘ये तो बस शुरुआत है’

मैच के बाद लैंगर ने कहा. 'वो बहुत युवा है, उसकी आंखों में भूख दिखती है. ये जीत उसके करियर का बड़ा मोमेंट है.'

Advertisement

मुकुल चौधरी की ये पारी सिर्फ एक जीत नहीं थी, ये एक कहानी थी मेहनत, भरोसे और बचपन के सपनों की.

एक पिता का सपना, एक बेटे की जिद, और एक आइडल से मिली प्रेरणा… इन सबने मिलकर आईपीएल 2026 को एक नया ‘फिनिशर’ दे दिया है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement