बांग्लादेश के खिलाफ वनडे सीरीज में हार के बाद पाकिस्तानी टीम की जमकर आलोचना हो रही है. पूर्व पाकिस्तानी विकेटकीपर बल्लेबाज कामरान अकमल ने टीम के प्रदर्शन पर जमकर नाराजगी जताई. अकमल ने कहा कि पाकिस्तान क्रिकेट का स्तर काफी नीचे गिर चुका है. रविवार (15 मार्च) को खेले गए तीन मैचों की वनडे सीरीज के निर्णायक मुकाबले में बांग्लादेश ने पाकिस्तान को 11 रनों से हराया और सीरीज 2-1 से जीत ली. इस हार के बाद अकमल ने टीम मैनेजमेंट और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) पर कई गंभीर सवाल उठाए.
कामरान अकमल ने पीसीबी के चेयरमैन मोहसिन नकवी पर भी तंज कसते हुए कहा कि क्या अब आईसीसी ट्रॉफी चोरी करके लाने का इरादा है. बता दें कि एशिया कप 2025 में भारतीय टीम ने फाइनल में पाकिस्तान पर जीत हासिल की थी. खिताबी जीत के बाद भारतीय टीम ने मोहसिन नकवी के हाथों ट्रॉफी लेने से इनकार कर दिया. इसके बाद नकवी ट्रॉफी साथ में लेकर मैदान से निकल गए थे.
यह भी पढ़ें: बांग्लादेश-PAK मैच में फिर विवाद... सीरीज हार के बाद पाकिस्तानी टीम ने दर्ज कराई शिकायत, जानें पूरा मामला
एक टीवी शो 'गेम प्लान' में कामरान अकमल ने कहा कि पाकिस्तान टीम की हालत इतनी खराब हो चुकी है कि अब नीदरलैंड्स जैसी टीम भी उसे हरा सकती है. उन्होंने कहा, 'खुदा के लिए पाकिस्तान क्रिकेट के बारे में सोचिए. देखिए हम किस स्तर तक गिर चुके हैं. नीदरलैंड्स भी सोच रहा होगा कि अगर उसे पाकिस्तान के खिलाफ तीन मैचों की सीरीज खेलने का मौका मिले, तो वह हमें हरा सकता है. आपने अपने क्रिकेट का मजाक बना दिया है.'
कामरान अकमल ने पाकिस्तानी टीम की रणनीति पर भी सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि जब पिच बल्लेबाजी के लिए अच्छी थी तो पाकिस्तान ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला क्यों लिया. अकमल के मुताबिक अगर पाकिस्तान पहले बल्लेबाजी करता तो 350 रन तक का बड़ा स्कोर बना सकता था. उन्होंने यह भी कहा कि बांग्लादेश के लिटन दास आखिर में धीमे पड़ गए, जिसकी वजह से मेजबान टीम और बड़ा स्कोर नहीं बना सकी.
कामरान अकमल ने कहा, 'आप मैच हार चुके हैं. आखिर ये कौन से प्रयोग कर रहे हैं. पिच बल्लेबाजी के लिए अच्छी थी. आपने पहले गेंदबाजी क्यों चुनी. पहले बल्लेबाजी क्यों नहीं की. आप 350 रन बना सकते थे. लिटन दास आखिर में धीमे पड़ गए, इसलिए बांग्लादेश 290 पर रुक गया. ये सीरीज का निर्णायक मैच था. जब आप इन टीमों के खिलाफ सीरीज ही नहीं जीत पा रहे हैं तो आगे कैसे बढ़ेंगे. क्या ICC ट्रॉफी चुरा कर ले आनी है.'
सलमान आगा का शतक बेकार गया
वनडे सीरीज के निर्णायक मुकाबले में पाकिस्तान के लिए सलमान अली आगा ने शानदार शतक लगाया, लेकिन उनके आउट होते ही पाकिस्तान की उम्मीदें खत्म हो गईं. आखिरी ओवर में पाकिस्तानी टीम को जीत के लिए 14 रन चाहिए थे, लेकिन उस ओवर में सिर्फ दो रन बने और मैच बांग्लादेश ने जीत लिया.
बांग्लादेश के खिलाफ सीरीज हार से पहले पाकिस्तान का प्रदर्शन आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भी अच्छा नहीं रहा था. तब ग्रुप स्टेज में पाकिस्तानी टीम को भारत के हाथों करारी हार झेलनी पड़ी. वहीं सुपर-8 में उसे इंग्लैंड के हाथों पराजित होना पड़ा, जबकि न्यूजीलैंड के खिलाफ उसका मैच बारिश से रद्द हो गया था. पाकिस्तानी टीम ने श्रीलंका के खिलाफ जरूर जीत हासिल की, लेकिन खराब नेट रनरेट के कारण वो टूर्नामेंट से बाहर हो गया. इस तरह पाकिस्तान लगातार चौथे आईसीसी टूर्नामेंट में सेमीफाइनल तक नहीं पहुंच पाया, जिससे टीम की आलोचना और तेज हो गई है.