बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में 28 मार्च को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के बीच खेले गए IPL के शुरुआती मुकाबले के दौरान एक बड़ी चोरी की वारदात सामने आई. मैच देखने आए दर्शकों के 25 मोबाइल फोन गायब हो गए. IPL मैच के दौरान मोबाइल चोरी के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक गिरोह का भंडाफोड़ किया है.
कब्बन पार्क पुलिस थाना की टीम ने इस मामले में 21 मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जिनकी कीमत करीब 18 लाख रुपये बताई जा रही है. यह घटना 28 मार्च 2026 को इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के एक मैच के दौरान हुई, जब बड़ी संख्या में दर्शक मौजूद थे. इसी भीड़ का फायदा उठाकर चोरों ने कई लोगों के मोबाइल फोन चोरी कर लिए.
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और एक मुख्य आरोपी के साथ एक नाबालिग को हिरासत में लिया. आरोपियों के पास से चोरी किए गए मोबाइल फोन बरामद कर लिए गए हैं. पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई वरिष्ठ अधिकारियों और कब्बन पार्क सब-डिवीजन टीम के मार्गदर्शन में की गई. मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और जांच अभी भी चल रही है.
यह मामला तब चर्चा में आया, जब एक प्रभावित व्यक्ति ने सोशल मीडिया पर वीडियो पोस्ट कर स्टेडियम की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए और अपना मोबाइल चोरी होने की बात साझा की. वीडियो तेजी से फैलने के बाद पुलिस हरकत में आई और संभावित पीड़ितों से संपर्क कर जानकारी जुटानी शुरू कर दी.