scorecardresearch
 

'स्पेशल चेज के लिए तैयार हूं...', IPL 2026 से पहले विराट कोहली ने दी विपक्षी टीमों को वॉर्निंग

टीम इंडिया के पूर्व कप्तान विराट कोहली आईपीएल में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं. कोहली अब आगामी आईपीएल सीजन में भी रनों की बरसात करना चाहेंगे. कोहली आरसीबी के कैम्प को जॉइन कर चुके हैं.

Advertisement
X
विराट कोहली आईपीएल 2026 में धूम मचाने के लिए तैयार (Photo: PTI)
विराट कोहली आईपीएल 2026 में धूम मचाने के लिए तैयार (Photo: PTI)

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के 19वें सीजन की शुरुआत होने में अब ज्यादा समय नहीं बचा है. डिफेंडिंग चैम्पियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) भी आईपीएल 2026 के लिए पूरी तरह तैयार है. आरसीबी 28 मार्च को अपने होम ग्राउंड एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के खिलाफ ओपनर मुकाबला खेलेगी. इस मुकाबले से पहले ही माहौल पूरी तरह गरमा चुका है. आरसीबी के सुपरस्टार विराट कोहली का एक वीडियो सामने आया है, जिसने फैन्स के जोश को कई गुना बढ़ा दिया है और विपक्षी टीमों कों एक तरह से वॉर्निंग मिली है.

विराट कोहली ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की ओर से X पर शेयर किए गए वीडियो में कहा, 'हर बार जब मैं ये जर्सी पहनता हूं, मैं पूरी तरह झोंक देता हूं. मैं एक और स्पेशल चेज के लिए तैयार हूं.' आरसीबी ने इस वीडियो को शेयर करते हुए साफ संदेश दिया कि किंग कोहली अपने घर बेंगलुरु लौट आए हैं और एक नई कहानी लिखने के लिए तैयार हैं.

पिछले सीजन में रजत पाटीदार की कप्तानी में आरसीबी ने वो कर दिखाया, जिसका इंतजार सालों से था. आरसीबी ने पंजाब किंग्स को हराकर पहली बार आईपीएल ट्रॉफी जीती थी. अहमदाबाद में खेले गए उस फाइनल में आरसीबी ने पंजाब किंग्स के खिलाफ 191 रनों का लक्ष्य सफलतापूर्वक डिफेंड किया था. उस मुकाबले में विराट कोहली ने 43 रनों की अहम पारी खेलकर जीत की नींव रखी थी. अब टीम का लक्ष्य साफ है- टाइटल डिफेंड करना और इतिहास दोहराना.

Advertisement

कोहली का शानदार आईपीएल रिकॉर्ड
आरसीबी के साथ विराट कोहली का रिश्ता सिर्फ खिलाड़ी का नहीं, बल्कि पहचान का बन चुका है. कोहली ने आरसीबी के लिए अब तक 267 आईपीएल मैचों में 8661 रन बनाए हैं, जिसमें 8 शतक और 63 अर्धशतक शामिल रहे. इस दौरान कोहली का औसत 39.54 और स्ट्राइक रेट 132.85 रहा है. कोहली ने आईपीएल में अपना बेस्ट प्रदर्शन 2016 के सीजन में किया था, जहां उन्होंने 16 मैचों में 81.08 की औसत से 973 रन बना दिए थे.

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को शुरुआती मुकाबलों में तगड़ी टीमों से टक्कर लेनी है. ओपनर मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद से भिड़ने के बाद आरसीबी 5 अप्रैल को बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) का सामना करेगी. फिर 10 अप्रैल को उसका सामना राजस्थान रॉयल्स (RR) से गुवाहाटी में होगा. फिर 12 अप्रैल को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में आरसीबी मुंबई इंडियंस (MI) से भिड़ेगी.

आरसीबी फैन्स के लिए राहत की खबर ये है कि कर्नाटक सरकार ने बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में आईपीएल मैचों के आयोजन को मंजूरी दे दी है. कर्नाटक राज्य क्रिकेट संघ (KSCA) ने बताया कि सभी सुरक्षा और तैयारी मानकों को पूरा कर लिया गया है. यानी एक बार फिर एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में जबरदस्त माहौल देखने को मिलेगा.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement