IND vs NAM, T20 World Cup 2026 Live Score: आईसीसी मेन्स टी20 विश्व कप 2026 के मैच नंबर-18 में आज (12 फरवरी) भारतीय टीम का सामना नामीबिया से है. दोनों टीमों के बीच ग्रुप-ए का यह मुकाबला दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में है. भारत ने इस मुकाबले में नामीबिया को जीत के लिए 210 रनों का टारगेट दिया है. भारत की ओर से ईशान किशन ने 61 और हार्दिक पंड्या ने 52 रनों का योगदान दिया. टारगेट का पीछा करते हुए नामीबिया का स्कोर 6 ओवर के बाद 57-1 है.
डिफेंडिंग चैम्पियन भारतीय टीम ने टूर्नामेंट में अपने अभियान का आगाज यूएसए (संयुक्त राज्य अमेरिका) के खिलाफ 29 रनों की जीत के साथ किया था. वहीं नामीबिया को अपने पहले मैच में नीदरलैंड्स के हाथोों सात विकेट से शिकस्त झेलनी पड़ी थी. भारत-नामीबिया मैच से जुड़े अपडेट्स के लिए इस पेज को रिफ्रेश करते रहिए....
ईशान-हार्दिक ने जड़े अर्धशतक
टॉस हारकर पहले बैटिंग करते हुए भारतीय टीम ने 9 विकेट पर 209 रन बनाए. भारतीय टीम की शुरुआत कुछ खास नहीं रही और उसने संजू सैमसन का विकेट सस्ते में गंवा दिया. संजू ने तीन छक्के और एक चौके की मदद से 8 बॉल पर 22 रनों का योगदान दिया. संजू का विकेट बेन शिकोंगो ने लिया. यहां से ईशान किशन और तिलक वर्मा ने दूसरे विकेट के लिए 79 रनों की साझेदारी की. ईशान ने सिर्फ 20 गेंदों पर अपनी फिफ्टी पूरी कर ली, जिसमें 5 चौके और चार छक्के शामिल रहे.
छठे ओवर में जेजे स्मिट्स के खिलाफ ईशान किशन ने लगातार चार छक्के लगाए और कुल 28 रन बटोरे. ईशान ने कुल मिलाकर 6 चौके और पांच छक्के की मदद से 24 गेंदों पर 61 रन बनाए. ईशान ने तो तूफानी पारी खेली, लेकिन कप्तान सूर्यकुमार यादव और तिलक वर्मा ने निराश किया. सूर्या ने 12 और तिलक ने 25 रन बनाए. तिलक के आउट होने के समय भारत का स्कोर 124/4 था.
यह भी पढ़ें: 6,6,6,6... ईशान किशन ने नामीबिया के खिलाफ किया धुआं-धुआं, तूफानी पारी खेल बना दिए कई रिकॉर्ड्स
यहां से हार्दिक पंड्या और शिवम दुबे ने मिलकर पांचवें विकेट के लिए 81 रन जोड़कर भारत को बड़े स्कोर तक पहुंचाया. हार्दिक ने 4 छक्के और चार चौके की मदद से 28 बॉल पर 52 रन बनाए. हार्दिक ने इस दौरान 27 बॉल पर अपनी फिफ्टी पूरी की. वहीं शिवम दुबे ने 23 रनों का योगदान दिया. दोनों बल्लेबाज 19वें ओवर में आउट हुए. गेरहार्ड इरास्मस ने उस ओवर में अक्षर पटेल को भी 0 के निजी स्कोर पर चलता किया.
भारतीय टीम ने इसके बाद आखिरी ओवर में रिंकू सिंह (1 रन) और अर्शदीप सिंह (2 रन) के विकेट खोए. देखा जाए तो भारतीय टीम ने आखिरी दो ओवरों में सिर्फ 10 रन बनाए और उसके 5 विकेट गिरे. नामीबियाई कप्तान गेरहार्ड इरास्मस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए इस मुकाबले में चार विकेट झटके. बर्नार्ड शोल्ट्ज, बेन शिकोंगो और जेजे स्मिट को एक-एक सफलता हासिल हुई.
इस मुकाबले के लिए भारतीय टीम ने अपनी प्लेइंग-11 में दो बदलाव किए. सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा पूरी तरह स्वस्थ नहीं थे और उनकी जगह संजू सैमसन को ओपनिंग करने का मौका मिला. वहीं अनुभवी तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने राइट आर्म पेसर मोहम्मद सिराज की जगह ली.
मुकाबले में भारत की प्लेइंग-11: संजू सैमसन, ईशान किशन, तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), रिंकू सिंह, हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, वरुण चक्रवर्ती, अर्शदीप सिंह और जसप्रीत बुमराह.
क्लिक करें: भारत-नामीबिया का T20 वर्ल्ड कप में मुकाबला, देखें बॉल बाय बॉल अपडेट
मुकाबले में नामीबिया की प्लेइंग-11: लॉरेन स्टीनकैंप, जान फ्राइलिंक, जान निकोल लॉफ्टी-ईटन, गेरहार्ड इरास्मस (कप्तान), जेजे स्मिट, जेन ग्रीन (विकेटकीपर), रूबेन ट्रम्पेलमैन, मलान क्रूगर, बर्नार्ड शोल्ट्ज, बेन शिकोंगो और मैक्स हेंगो.
भारत और नामीबिया के बीच इससे पहले सिर्फ एक टी20 इंटरनेशनल मुकाबला खेला गया था. वो मुकाबला आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2021 के दौरान हुआ था. तब भारतीय टीम ने दुबई के दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए मैच में नामीबिया को 9 विकेट से करारी शिकस्त दी थी.