भारत और पाकिस्तान के बीच रविवार को कोलंबो में टी20 विश्वकप का मुकाबला खेला जाएगा. इस महामुकाबले के लिए टीम इंडिया श्रीलंका पहुंच गई है. भारतीय प्लेयर्स के श्रीलंका पहुंचने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है. लेकिन सबसे ज्यादा चर्चा
अर्शदीप सिंह की है जिन्होंने अक्षय खन्ना की स्टाइल में डांस किया.
दरअसल, भारतीय टीम रविवार, 15 फरवरी को पाकिस्तान के खिलाफ होने वाले टी20 विश्व कप 2026 मुकाबले से पहले शुक्रवार देर रात श्रीलंका की राजधानी पहुंची. टीम ने गुरुवार को नई दिल्ली में नामीबिया को हराया था.
कोलंबो में भारतीय टीम का पारंपरिक संगीत और नृत्य के साथ जोरदार स्वागत किया गया. मुख्य कोच गौतम गंभीर सबसे आगे नजर आए, जबकि स्टार ऑलराउंडर हार्दिक भी अपनी गर्लफ्रेंड के साथ दिखे. सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा पेट के संक्रमण से उबरने के बाद काफी खुश नजर आए. जहां टीम के अधिकांश खिलाड़ी और सपोर्ट स्टाफ पारंपरिक नृत्य को देख मुस्कुरा रहे थे, वहीं अर्शदीप ने एक कदम आगे बढ़ते हुए खुद भी डांस करना शुरू कर दिया.
यह भी पढ़ें: कोलंबो में कैसा है टीम इंडिया का रिकॉर्ड? भारत-पाक मैच से पहले जान लें प्रेमदासा स्टेडियम से जुड़ा हर आंकड़ा
अर्शदीप सिंह ने किया धुरंधर वाला डांस
फिल्म धुरंधर के मशहूर गाने में अक्षय खन्ना के किरदार की तरह, भारतीय तेज गेंदबाज ने संगीत की धुन पर खुद को पूरी तरह झोंक दिया. उनके बगल में खड़े अक्षर पटेल उनके स्टेप्स देखकर हंसी नहीं रोक पाए. इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
टी20 विश्व कप 2026 में अर्शदीप का प्रदर्शन
अर्शदीप सिंह अब तक टी20 विश्व कप 2026 में भारत के प्रमुख गेंदबाजों में से एक रहे हैं. मेजबान टीम ने अपने दोनों मुकाबले जीतकर शानदार शुरुआत की है. बाएं हाथ के इस तेज गेंदबाज ने दो मैचों में तीन विकेट लिए हैं, उनका औसत 18 और इकॉनमी रेट 7.71 रहा है.
यह भी पढ़ें: भारत-पाकिस्तान मुकाबले का जबदरस्त क्रेज! एड रेट्स में आग, फ्लाइट्स-होटल के दाम भी सातवें आसमान पर
पाकिस्तान के खिलाफ अर्शदीप का रिकॉर्ड भी प्रभावशाली है. उन्होंने चार टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में सात विकेट लिए हैं, औसत 17.57 का रहा है. कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाला यह महामुकाबला ग्रुप ए में टॉप स्थान तय कर सकता है. हालांकि, इस हाई-वोल्टेज मैच पर बारिश का खतरा भी मंडरा रहा है.