Chaitra Navratri 2026: हिंदू पंचांग के अनुसार चैत्र नवरात्र 19 मार्च 2026 से शुरू होकर 27 मार्च 2026 तक चलेगी. इन नौ दिनों में मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की विधि-विधान से पूजा की जाती है. माना जाता है कि इस पावन अवधि में श्रद्धा और नियम के साथ माता रानी की आराधना करने से घर में सुख, शांति और समृद्धि आती है. ज्योतिष और वास्तु शास्त्र के अनुसार नवरात्र से पहले कुछ शुभ वस्तुएं घर लाना अत्यंत मंगलकारी माना जाता है. इन चीजों को घर में रखने से सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है और नकारात्मक प्रभाव दूर होने लगते हैं. आइए जानते हैं कि चैत्र नवरात्र शुरू होने से पहले किन चीजों को घर लाना शुभ माना गया है.
कलश (घटस्थापना के लिए)
नवरात्र के पहले दिन घटस्थापना या कलश स्थापना का विशेष महत्व होता है. इसे देवी शक्ति का प्रतीक माना जाता है. इसलिए नवरात्र शुरू होने से पहले पीतल या तांबे का कलश घर में लाना शुभ माना जाता है. इस कलश में जल भरकर आम के पत्ते और नारियल स्थापित किया जाता है, जिससे घर में सकारात्मक ऊर्जा का प्रवेश होता है .
मोर पंख
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार मोर पंख भगवान श्रीकृष्ण और सकारात्मक ऊर्जा का प्रतीक माना जाता है. चैत्र नवरात्र से पहले मोर पंख घर में लाकर मंदिर या मुख्य द्वार के पास रखना शुभ माना जाता है. ऐसा करने से घर का वास्तु दोष कम होता है. इससे परिवार में सुख-शांति का माहौल बना रहता है.
सोने या चांदी का सिक्का
नवरात्र से पहले सोने या चांदी का सिक्का खरीदना समृद्धि का संकेत माना जाता है. इस सिक्के को नवरात्र के दौरान मां दुर्गा के सामने पूजा में रखकर बाद में तिजोरी या धन रखने की जगह पर रख दिया जाता है. मान्यता है कि इससे घर में धन-धान्य की वृद्धि होती है. आर्थिक स्थिति भी मजबूत होती है.
सोलह श्रृंगार की सामग्री
नवरात्र में मां दुर्गा को सोलह श्रृंगार अर्पित करने की परंपरा है. इसलिए नवरात्र से पहले कुमकुम, चूड़ी, बिंदी, मेहंदी, काजल, चुनरी और अन्य श्रृंगार की वस्तुएं खरीदकर रखना शुभ माना जाता है. इन चीजों को माता को अर्पित करने से वैवाहिक जीवन में प्रेम और सामंजस्य बढ़ता है .
कमल का फूल
कमल का फूल देवी लक्ष्मी और मां दुर्गा दोनों को अत्यंत प्रिय माना जाता है. नवरात्र से एक दिन पहले कमल का फूल लाकर पूजा में अर्पित करना बेहद शुभ माना जाता है. मान्यता है कि इससे घर में सुख-समृद्धि आती है, मानसिक शांति मिलती है .