दिल्ली से लेकर भोपाल तक यूएस डील पर राजनीति गरमा गई है. कांग्रेस पार्टी लगातार आरोप लगा रही है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अमेरिकी डील करके किसानों के हितों से समझौता किया है. इसी मुद्दे पर राहुल गांधी भोपाल पहुंचे और किसान सम्मेलन में पीएम मोदी को चुनौती दी कि दम है तो बाकी देशों की तरह डील कैंसिल कर दिखाएं. अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद यूरोपियन यूनियन ने डील का रैटिफिकेशन रोक दिया है, जबकि दक्षिण कोरिया, कनाडा और मैक्सिको भी समीक्षा कर रहे हैं. भारत की वॉशिंगटन बैठक भी टल गई है. राहुल गांधी का कहना है कि यह डील किसान विरोधी है, हालांकि उनके भाषण में सोयाबीन किसानों का जिक्र नहीं हुआ. उसी दिन पीएम किसान सम्मान निधि योजना के 7 साल पूरे हुए और एमपी के 83 लाख किसानों को 1700 करोड़ रुपये से अधिक की राशि मिली. कांग्रेस अब महाराष्ट्र और राजस्थान में भी किसान सम्मेलन करने वाली है.