MP News: 15 अगस्त के दिन पिकनिक मनाने गए तीन दोस्तों की देवास के भैरव कुंड में डूबने से मौत हो गई. 14 दोस्तों की टोली 15 अगस्त की छुट्टी इंदौर से देवास गई थी. इन्हीं में से तीन लड़के मौज-मस्ती करते हुए झरने के पास गहरे पानी में चले गए. तीनों के डूबने का वीडियो भी सामने आया है. हैरानी की बात यह रही कि कुंड के आसपास मौजूद दर्जनों लोगों में से किसी ने भी डूबते हुए लड़कों को बचाने की कोशिश तक नहीं की.
पूरा मामला यह है कि मंगलवार 15 अगस्त के दिन इंदौर शहर के लगभग 14 युवक पिकनिक मनाने के लिए भैरव कुण्ड गए थे. यह कुंड देवास जिले के उदयनगर इलाके और इंदौर के खुड़ैल के बीच घने जंगल में पड़ता है.
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पिकनिक मना रहे युवक अठखेलियां करते हुए गहरे पानी में चले गए. जब एक युवक डूबने लगा तो उसे बचाने के लिए अन्य युवकों ने कोशिश भी की. लेकिन तीनों देखते ही देखते पानी में डूब गए.
डूबने वालों तीनों युवकों के नाम यासीन अली निवासी चंदननगर, सुफियान निवासी खजराना और जाफ़र निवासी ग्रीन पार्क तीनों इंदौर निवासी बताए जा रहे हैं. अंधेरा होने की वजह से गोताखोरों की टीम फिलहाल इन्हें खोज नहीं पाई थीं. उदयनगर टीआई अजय गुर्जर के मुताबिक, रेस्क्यू टीम अलसुबह से एक बार फिर रेस्क्यू शुरू करेगी.
हालांकि, बुधवार सुबह किए गए रेस्क्यू के दौरान तीनों युवकों की लाश मिल गई. तीनों के शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिए गए.
आपको बता दें कि किसी ने युवकों के डूबने का वीडियो बना लिया. जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि तीनों युवक डूब रहे हैं और वहां मौजूद लोग 'बचा लो यार.. बचा लो यार' चिल्ला रहे हैं. लेकिन किसी ने हिम्मत कर उन्हें बचाने की कोशिश नहीं की. हम इस वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करते. (रिपोर्ट:- शकील खान)
देखें Video:-