मध्य प्रदेश के रीवा जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. यहां पत्नी का निजी वीडियो वायरल करने के आरोप में पति को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है. नगर पुलिस अधीक्षक राजीव पाठक ने बताया कि आरोपी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जा रही है. जानकारी के अनुसार पीड़िता का विवाह 10 मई 2025 को शिवम साहू से हुआ था. आरोप है कि शादी के बाद से ही पति दहेज की मांग को लेकर उसे परेशान करता था.
पीड़िता के परिवार का कहना है कि शादी के समय करीब 3 लाख रुपये की मांग की गई थी. इसमें से 2 लाख रुपये दिए गए थे, लेकिन बाकी रकम के लिए लगातार दबाव बनाया जा रहा था. पीड़िता के अनुसार दिसंबर 2025 में आरोपी ने उसका निजी वीडियो रिकॉर्ड किया और सोशल मीडिया के साथ-साथ रिश्तेदारों को भी भेज दिया. महिला ने जब इसका विरोध किया तो आरोपी ने कथित तौर पर उसे बदनाम करने की धमकी दी.
पति ने पत्नी का निजी वीडियो वायरल किया
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी इंटरनेट पर आपत्तिजनक सामग्री देखने का आदी था. वीडियो वायरल होने के बाद आरोपी मुंबई में छिपा हुआ था. बताया गया कि 12 फरवरी को वह हथियार लेकर ससुराल मऊगंज क्षेत्र पहुंचा और परिवार को धमकाने लगा. सूचना मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया.
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दहेज प्रताड़ना, धमकी और निजी वीडियो वायरल करने सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है. अधिकारियों का कहना है कि मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए जांच तेजी से की जा रही है और पीड़िता को कानूनी सुरक्षा प्रदान की जा रही.