मध्य प्रदेश के मुरैना जिले में पुलिस की साख पर उस वक्त सवालिया निशान लग गया जब जौरा थाना प्रभारी (SHO) दर्शन लाल शुक्ला का एक विवादित वीडियो सामने आया. 28 फरवरी की रात थाना परिसर में आयोजित बर्थडे पार्टी में SHO एक ऐसे हिस्ट्रीशीटर के कंधों पर बैठकर डांस करते दिखे, जिस पर दर्जनों आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं. सोमवार को एसपी समीर सौरभ ने इस अनुशासनहीनता पर सख्त कार्रवाई करते हुए SHO को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है.
पुलिस अफसरों के अनुसार, दर्शन लाल शुक्ला का जन्मदिन 28 फरवरी को जौरा थाने के भीतर मनाया गया था. रात करीब 9 बजे केक काटा गया और जश्न शुरू हुआ. इसी दौरान मुरैना सिटी थाने का कुख्यात हिस्ट्रीशीटर लवकुश शर्मा वहां पहुंचा.
वायरल वीडियो में लवकुश शर्मा खुशी-खुशी SHO शुक्ला को अपने कंधों पर उठाए हुए है और दोनों फिल्मी गानों पर थिरक रहे हैं. वीडियो में पीछे अन्य पुलिसकर्मी भी डांस करते दिखाई दे रहे हैं.
कौन है लवकुश शर्मा?
लवकुश शर्मा पुलिस रिकॉर्ड में एक शातिर अपराधी है. उसे पिछले साल 12 जून को उसे 13 मोटरसाइकिल चोरी के सिलसिले में गिरफ्तार किया गया था. शर्मा पर बिजली विभाग के असिस्टेंट इंजीनियर और अन्य सरकारी कर्मचारियों पर हमला करने का भी गंभीर आरोप है.
सफाई में क्या बोले SHO?
सस्पेंड होने के बाद दर्शन लाल शुक्ला ने अपना बचाव करते हुए कहा कि पार्टी में बहुत से लोग आए थे और उन्हें नहीं पता था कि कौन हिस्ट्रीशीटर ह?. उन्होंने यह दावा भी किया कि जिस व्यक्ति ने उन्हें कंधों पर उठाया था, वह पुलिस का 'मुखबिर' था और उसने कई मामलों को सुलझाने में पुलिस की मदद की थी.
SP का कड़ा एक्शन
मुरैना पुलिस अधीक्षक (SP) समीर सौरभ ने इस सफाई को दरकिनार करते हुए इसे पुलिस मैन्युअल का उल्लंघन माना. एसपी ने कहा, "शुक्ला का व्यवहार पद की गरिमा के खिलाफ था. उन्हें सस्पेंड कर पुलिस लाइन अटैच कर दिया गया है. मामले की विभागीय जांच चल रही है और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कठोर कार्रवाई की जाएगी."