
MP News: सीहोर के प्रख्यात प्राचीन गणेश मंदिर में चंद्रयान-3 की सफलता के लिए मंदिर के पुजारियों ने विशेष पूजा-अर्चना की. पुजारियों ने सफल लैंडिग के लिए पूजा पाठ के साथ गणपति अथर्वशीर्ष का पाठ किया. इस दौरान मंदिर में श्रद्धालु भी मौजूद रहे.
भारत के चंद्रयान-3 की सफलता पर देश और दुनिया की नजर है. जिसे लेकर अब पूरे देश में पूजा और प्रार्थनाओं का भी दौर शुरू हो गया है. प्रदेश के सीहोर जिले के प्राचीन गणेश मंदिर में भी चंद्रयान 3 की सफलता के लिए पूजा अर्चना और मंत्रोच्चार किया गया. मंदिर के पुजारियों ने पूजा-अर्चना और अर्थव शीर्ष का पाठ कर चंद्रयान-3 की सफलता और सफल लैंडिंग के लिए भगवान गणेश जी से प्रार्थना की. इस दौरान मंदिर में श्रद्धालु भी मौजूद रहे.

मंदिर के पुजारी पंडित जय दुबे ने बताया कि चंद्रयान-3 की सफलता के लिए भगवान गणेश जी से प्रार्थना की गई है. यह बहुत ही महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट है. भारत का नाम देश भर में रोशन हो, वैज्ञानिकों की मेहनत सफल हो, इसके लिए अर्थव शीर्ष का पाठ किया गया है.

चंद्रयान-3 मिशन निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आगे बढ़ रहा है. भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) ने चंद्रयान-3 के लैंडर के चंद्रमा की सतह पर उतरने के तय समय से एक दिन पहले यह जानकारी दी.
अंतरिक्ष एजेंसी ने बताया कि MOX/ISTRAC से चंद्रयान-3 के चंद्रमा की सतह पर उतरने का सीधा प्रसारण बुधवार शाम 5 बजकर 20 मिनट से शुरू किया जाएगा. लैंडर (विक्रम) और रोवर (प्रज्ञान) से युक्त लैंडर मॉड्यूल के बुधवार को शाम 6 बजकर 4 मिनट पर चंद्रमा की सतह के दक्षिण ध्रुवी क्षेत्र के निकट उतरने की उम्मीद है.