
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने 113 पुलिसकर्मियों के लिए 2000 रुपये से लेकर 5000 रुपये तक के नकद इनाम की घोषणा की है. इन पुलिसकर्मियों ने हाल ही में छिंदवाड़ा में हुए बस हादसे के बाद घायल पीड़ितों की मदद की थी.
एक आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार, मुख्यमंत्री ने पुलिस प्रशिक्षण स्कूल (PTS) रीवा और छिंदवाड़ा जिला पुलिस के जवानों की त्वरित बचाव प्रयासों के लिए सराहना की.
पुलिस ने बताया कि गुरुवार शाम छिंदवाड़ा में मुख्यमंत्री के एक कार्यक्रम से लौट रही एक बस की टक्कर एक पिकअप वाहन से हो गई, जिसमें 10 लोगों की मौत हो गई और 31 अन्य घायल हो गए. तीन से चार घायल लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है.
विज्ञप्ति के अनुसार, बस के पीछे चल रही PTS रीवा की एक टीम तुरंत मौके पर पहुंची और बिना किसी देरी के बचाव अभियान शुरू कर दिया. इसमें बताया गया है कि अधिकतर जवान जूते उतारकर आराम से सफर कर रहे थे, लेकिन हादसे में मची चीख पुकार सुन नंगे पैर ही घटनास्थल की ओर दौड़े और टूटे हुए कांच पर चलते हुए घायल लोगों को बाहर निकाला.
PTS टीम ने आपातकालीन हेल्पलाइन '112' को सूचित किया, पलटी हुई बस को लगभग तीन फीट ऊपर उठाया और उसके नीचे फंसे लोगों को बचाया. बाद में उन्होंने घायल लोगों को जिला अस्पताल पहुंचाने में 'डायल-112' और स्थानीय पुलिस की मदद की.
पुलिस ने बताया कि इन जवानों की बहादुरी और समर्पण की बदौलत लगभग 40 लोगों की जान बचाई जा सकी.
विज्ञप्ति के अनुसार, कुल 113 पुलिसकर्मियों को उनके इन प्रयासों के लिए 2000 रुपये से 5000 रुपये के बीच नकद इनाम दिया जाएगा. इनमें पांच पुलिस अधिकारी, PTS रीवा के 100 से अधिक कांस्टेबल और छिंदवाड़ा जिला पुलिस के जवान शामिल हैं.
हादसे के कुछ ही घंटों बाद, मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों के लिए 4 लाख रुपये और गंभीर रूप से घायल लोगों के लिए 1 लाख रुपये की सहायता राशि की घोषणा की थी.

शुक्रवार को, 'संबल' योजना के तहत मृतकों के परिवारों के लिए अतिरिक्त 4 लाख रुपये की घोषणा की गई, जिससे कुल मुआवजा राशि बढ़कर 8 लाख रुपये प्रति परिवार हो गई.