आज वेलेंटाइन्स डे है यानी प्यार का दिन. इस दिन प्रेमी जोड़े अपने पार्टनर से अलग-अलग तरीकों से अपने प्यार का इजहार करते हैं लेकिन वेलेंटाइन डे पर प्यार का इजहार करने के लिए खाने से बेहतर भला क्या हो सकता है. जब आप अपने पार्टनर के लिए खुद कुछ खास पकाते हैं तो उसमें आपकी मेहनत और ढेरों भावनाएं शामिल होती हैं.
प्यार से बनी साधारण सी डिश भी किसी महंगे डिनर से कहीं ज्यादा यादगार बन सकती है और इस दिन को और भी रोमांटिक बना सकती है. ऐसे में हम यहां आपके लिए दो डिश लेकर आए हैं जिन्हें आप इस वेलेटाइन्स डे पर अपने पार्टनर के लिए बना सकते हैं और वो दोनों डिश हैं पिज्जा और चॉको लावा केक
घर में ऐसे बनाएं पिज्जा
पिज्जा बेस (रेडीमेड या घर का बना), पिज्जा सॉस, मोजेरेला चीज, अपनी पसंद की सब्जियां (शिमला मिर्च, प्याज, कॉर्न), चिली फ्लेक्स और ऑरिगेनो.
बनाने की विधि:
सबसे पहले एक रेडीमेड गोल पिज्जा बेस लें. चाकू की मदद से ऊपर के बीच वाले हिस्से से एक 'V' आकार का छोटा कट लगाएं और नीचे के हिस्से को हल्का नुकीला कर दें ताकि वो दिल जैसा दिखने लगे. आप इसे कोई और आकार भी दे सकते हैं.
अब उस बेस पर पिज्जा सॉस फैलाएं.फिर खूब सारा मोजेरेला चीज डालें. सब्जियों को इस तरह सजाएं कि वे हार्ट शेप को और उभारें.इसके बाद अपनी पसंद के मसाले छिड़कर माइक्रोवेव में 10-12 मिनट के लिए पकाएं. आप इसे नॉन स्टिक तवे पर भी बना सकते हैं.ऊपर से ग्रेटेड चीज डालकर गर्मागरम सर्व करें.
मिनटों में तैयार होगा चॉको लावा केक
डार्क चॉकलेट (100 ग्राम), मक्खन (3 चम्मच), मैदा (2 चम्मच), पिसी चीनी (2 चम्मच), वनीला एसेंस (2 बूंद)
बनाने की विधि:
सबसे पहले चॉकलेट पिघलाएं. फिर एक बाउल में डार्क चॉकलेट और मक्खन लें. इसे माइक्रोवेव में या डबल बॉयलर (गर्म पानी के ऊपर बर्तन रखकर) की मदद से पिघला लें.
अब इसमें पिसी चीनी, वनीला एसेंस और मैदा डालकर हल्के हाथों से मिलाएं. ध्यान रहे कि कोई गांठ न रहे.
छोटे कप या मोल्ड्स को मक्खन से ग्रीस करें. इसमें तैयार बैटर भरें. इसे सिर्फ 7-8 मिनट के लिए बेक करें.
बीच का हिस्सा थोड़ा हिलना चाहिए ताकि अंदर से लावा जैसा निकले.
ऊपर से थोड़ी पिसी चीनी छिड़कें और गर्मागर्म परोसें.