How to prevent tshirt print: अक्सर हम अपनी पसंदीदा टीशर्ट को काफी लंबे समय तक पहनना चाहते हैं लेकिन अक्सर अच्छी क्वालिटी की टीशर्ट खरीदने के बाद भी कुछ ही दिनों में उस पर बना प्रिंट चटकने या निकलने लगता है. यह समस्या न केवल टीशर्ट का लुक खराब कर देती है बल्कि आपके पैसे भी बर्बाद होते हैं. आखिर ऐसा क्यों होता है और इसे कैसे रोका जा सकता है? आइए जानते हैं आखिर इसके पीछे क्या कारण होता है और इस समस्या से कैसे बचा जा सकता है.
प्रिंट चटकने के पीछे की असली वजह क्या है?
टीशर्ट का प्रिंट चटकने का सबसे बड़ा कारण गलत तरीके से की गई धुलाई और ड्रायर का इस्तेमाल होता है. जब हम टीशर्ट को गर्म पानी में धोते हैं या उसे बहुत तेज धूप में सुखाते हैं तो प्रिंट के फैब्रिक पर खिंचाव पैदा होता है. इसके अलावा डिटर्जेंट में मौजूद हार्ड केमिकल्स प्रिंट की लाइफ को कम कर देते हैं. कई बार वाशिंग मशीन की तेज स्पिनिंग भी प्रिंट को क्रैक करने का कारण बन जाती है.
उल्टा करके धोएं टीशर्ट
एक्सपर्ट कहते हैं, टीशर्ट को हमेशा उल्टा करके धोना चाहिए क्योंकि जब आप टीशर्ट को उल्टा करते हैं तो प्रिंट सीधा पानी और डिटर्जेंट के संपर्क में नहीं आता जिससे रगड़ कम लगती है. यह एक छोटा सा स्टेप है लेकिन प्रिंट को सुरक्षित रखने के लिए सबसे ज्यादा असरदार माना जाता है. धोने के बाद इसे सुखाते समय भी टीशर्ट को उल्टा ही रहने दें.
गर्म पानी के इस्तेमाल से बचें
प्रिंट वाली टीशर्ट के लिए हमेशा ठंडे या सामान्य पानी का ही इस्तेमाल करें. गर्म पानी से प्रिंट की रबर या इंक पिघलने लगती है और ठंडी होने पर उसमें दरारें पड़ जाती हैं. कोशिश करें कि इसे हाथों से धीरे-धीरे धोएं. यदि आप मशीन का इस्तेमाल कर रहे हैं तो जेंटल वॉश या डेलिकेट मोड ही चुनें. इससे टीशर्ट की क्वालिटी बनी रहती है.
धूप और ड्रायर से दूरी
टीशर्ट को कभी भी ड्रायर में न सुखाएं क्योंकि ड्रायर की हीट प्रिंट को तुरंत नुकसान पहुंचाती है इसलिए हमेशा उन्हें छांव में ही सुखाएं. सीधी तेज धूप प्रिंट के कलर को फेड कर देती है और उसे कमजोर बना देती है जिससे वह जल्दी चटकने लगता है. सुखाने के बाद इसे सीधे धूप में छोड़ने के बजाय हवादार जगह पर ही रखें.
प्रेस करते समय रखें सावधानी
अक्सर लोग प्रिंट वाले हिस्से पर सीधे प्रेस चला देते हैं जो सबसे बड़ी गलती है. प्रेस की हीट सीधे प्रिंट को जला सकती है या उसे टेढ़ा-मेढ़ा कर सकती है. प्रिंट वाली जगह पर प्रेस हमेशा उल्टा करके करें या फिर प्रिंट के ऊपर एक पतला कॉटन का कपड़ा रखकर ही प्रेस करें. इससे प्रिंट हमेशा सुरक्षित और नया जैसा बना रहेगा.