आजकल लोग कपड़े धोने के लिए वॉशिंग मशीन का इस्तेमाल करते हैं क्योंकि उसमें अलग-अलग कपड़ों के हिसाब से मोड आ गए हैं और मशीन पूरी तरह से स्मार्ट हो गई है. कपड़े धोते समय कई लोग मानते हैं कि ज्यादा झाग का मतलब ज्यादा सफाई. इसी सोच में वॉशिंग मशीन या बाल्टी में जरूरत से ज्यादा डिटर्जेंट डाल दिया जाता है. लेकिन क्या आप जानते हैं कि ज्यादा सर्फ कपड़ों को साफ करने के बजाय उन्हें खराब भी कर सकता है?
दरअसल, एक्स्ट्रा सर्फ डालने से बचा हुआ केमिकल कपड़ों में परत बनाकर चिपक जाता है और धूल-मिट्टी को चिपकाता रहता है जिससे कपड़े रूखे और कड़क होने लगते हैं जो स्किन पर खुजली-एलर्जी का खतरा पैदा करते हैं. इसलिए जरूरी है कि हर तरह के कपड़े के अनुसार सही मात्रा में डिटर्जेंट डाला जाए. तो आइए कपड़े धोते समय कितना डिटर्जेंट डालना चाहिए, इसकी सटीक मात्रा और सही फॉर्मूला क्या है, इस बारे में जानते हैं.
रिपोर्ट के मुताबिक, डिटर्जेंट की सही मात्रा हमेशा आपके डिटर्जेंट के पैक पर लिखे निर्देश, पानी की हार्डनेस और कपड़ों की गंदगी पर निर्भर होती है हालांकि एक प्रैक्टिकल थंब रूल भी है जिसे आप फॉलो कर सकते हैं.
मिडियम लोड (3 किलो तक कपड़े) में सामान्य गंदगी के लिए लगभग 2 टेबलस्पून सर्फ या करीब 30 ml लिक्विड डिटर्जेंट काफी माना जाता है.
हैवी लोड (5 किलो तक कपड़े) या बहुत गंदे कपड़े धोते समय 3–4 टेबलस्पून डिटर्जेंट पाउडर का इस्तेमाल कर सकते हैं.
टॉप लोड मशीन में पानी अधिक होता है इसलिए पैकेट पर लिखी डिटर्जेंट की मात्रा के मुताबिक डालें. आमतौर पर मीडियम लोड के लिए 60 ml के आसपास लिक्विड डिटर्जेंट की सलाह दी जाती है, बड़े लोड के लिए 90 ml तक लिक्विड डिटर्जेंट डाल सकते हैं.
अगर कपड़ों से बहुत झाग निकल रहा है या रिंस के बाद भी साबुन की हल्की फिसलन महसूस हो, तो अगली वॉश से डिटर्जेंट की मात्रा 20–25 प्रतिशत कम कर दें.
डिटर्जेंट की सही मात्रा कई बातों पर निर्भर करती है जैसे कपड़ों की संख्या, गंदगी का स्तर और पानी की मात्रा.
रोजमर्रा के हल्के कपड़े (शर्ट, टी-शर्ट, टॉप): अगर आप 6-7 कपड़े मशीन में धो रहे हैं तो 1 से 1.5 चम्मच पाउडर या एक छोटा कैप लिक्विड डिटर्जेंट काफी होता है.
भारी कपड़े (जींस, तौलिया, बेडशीट): ऐसे कपड़े अधिक पानी सोखते हैं इसलिए इन्हें धोते समय 2 चम्मच तक डिटर्जेंट इस्तेमाल किया जा सकता है. लेकिन इससे ज्यादा नहीं.
नाजुक कपड़े (सिल्क, ऊन, जॉर्जेट): ऐसे कपड़ों के लिए माइल्ड या लिक्विड डिटर्जेंट बेहतर होता है. आधे से एक चम्मच ही काफी है. ज्यादा सर्फ से कपड़ा जल्दी खराब हो सकता है.
बच्चों के कपड़े: बेबी क्लोथ्स के लिए लाइट और कम केमिकल वाला डिटर्जेंट चुनें. कम मात्रा में और अच्छी तरह रिंस करना जरूरी है.
All seasons garment care के मुताबिक, हाथ से धोने में गलती और भी कॉमन होती है क्योंकि हम अंदाज से सर्फ डाल देते हैं. इसके लिए आप कुछ ट्रिक्स यूज कर सकते हैं. जैसे,
छोटा टब (लगभग 4–8 लीटर पानी) कपड़े धोते समय करीब 1 टीस्पून लिक्विड या पाउडर डिटर्जेंट का इस्तेमाल करें.
मिडियम टब (10–15 लीटर) पानी में कपड़े धोते समय लगभग 2 टीस्पून डिटर्जेंट का इस्तेमाल करें.
बड़े टब में कपड़े धोते समय 1 टेबलस्पून सर्फ डालें. यदि कपड़े सॉफ्ट हैं तो इस मात्रा को आधा कर दें.
डिटर्जेंट हमेशा पानी में घोलकर कपड़े डालें, सीधे कपड़ों पर पाउडर छिड़कने से दाग पड़ने का जोखिम बढ़ जाता है.