scorecardresearch
 

No-Cook Lunch Ideas: गर्मियों में तपती रसोई में खड़े होने से मिलेगी छुट्टी! बिना गैस जलाए 10 मिनट में तैयार करें ये 5 टेस्टी टिफिन रेसिपीज

तपती गर्मी के मौसम में सुबह-सुबह गैस के सामने खड़े होकर टिफिन बनाना बहुत मुश्किल होता है, लेकिन अब ये बेहद आसान होगा. आज हम आपको बिना गैस जलाए सिर्फ 10 मिनट में तैयार होने वाली रेसिपीज बताने वाले हैं. ये रेसिपीज बड़ों से लेकर बच्चों तक के टिफिन के लिए परफेक्ट हैं.

Advertisement
X
अगर आपको बहुत जल्दी है तो आप रोटी पर पीनट बटर लगाकर भी ले जा सकते हैं. (Photo: ITG)
अगर आपको बहुत जल्दी है तो आप रोटी पर पीनट बटर लगाकर भी ले जा सकते हैं. (Photo: ITG)

No-Cook Lunch Ideas: गर्मियों के मौसम में तपती रसोई में लंबे समय तक खड़े होकर खाना बनाना किसी को पसंद नहीं होता है. ऐसे में सुबह-सुबह टिफिन तैयार करना कई लोगों के लिए सबसे मुश्किल काम बन जाता है. एक तो जल्दबाजी और तेज गर्मी ऊपर से बढ़ती गैस की कीमतें अलग टेंशन देती हैं. ऐसे में हर कोई चाहता है कि कुछ ऐसा बन जाए जो झटपट तैयार हो जाए, पेट भी भर दे और दोपहर तक खराब भी न हो. यही वजह है कि आजकल नो-कुक लंच बॉक्स आइडियाज काफी पसंद किए जा रहे हैं.

इन लंच आइडियाज की खास बात ये है कि इन्हें बनाने के लिए गैस जलाने की जरूरत नहीं पड़ती और सिर्फ 10 मिनट में स्वादिष्ट टिफिन तैयार हो जाता है. अगर आप भी टिफिन में पैक करने के लिए कुछ शानदार और झटपट बनने वाला ढूंढ रहे हैं तो ये खबर आपके लिए है. आज हम 5 'नो-कुक डिशेज' के आइडिया देने वाले हैं.

दही-पोहा फ्रूट बाउल
अगर आपको हल्का लेकिन पेट भरने वाला लंच चाहिए तो दही-पोहा फ्रूट बाउल एक बढ़िया ऑप्शन हो सकता है. पोहा को थोड़ी देर पानी में भिगो लें और उसमें ठंडी दही मिला दें. फिर ऊपर से सेब, अनार या केले जैसे फल डालें. आप इसका स्वाद बढ़ाने के लिए थोड़ा भुना जीरा और मूंगफली भी डाल सकते हैं. ये गर्मियों में शरीर को ठंडक देने के साथ एनर्जी भी बनाए रखता है.

वेज सैंडविच और ठंडी छाछ
जब आपको जल्दी में टिफिन तैयार करना हो तो वेज सैंडविच बनाना सबसे आसान होता है. ब्राउन ब्रेड में खीरा, टमाटर, पनीर और पुदीने की चटनी लगाकर सैंडविच बना लें. साथ में एक छोटी बोतल में ठंडी छाछ रख दें. ये कॉम्बिनेशन ऑफिस जाने वालों से लेकर बच्चों के स्कूल टिफिन तक के लिए एकदम परफेक्ट साबित हो सकता है.

स्प्राउट्स चाट बॉक्स
अगर आप अपनी डाइट को हेल्दी बनाने की कोशिश कर रहे हैं तो स्प्राउट्स चाट आपके लिए अच्छी रहेगी. अंकुरित मूंग या चने में प्याज, टमाटर, खीरा, नींबू और थोड़ा काला नमक मिलाकर चटपटी चाट तैयार करें. साथ में तरबूज या खरबूजे के टुकड़े रख दें. इससे शरीर को प्रोटीन भी मिलेगा और गर्मी में हाइड्रेशन भी बना रहेगा.

ब्लैक चना दही सलाद
रातभर भीगे हुए काले चनों में दही, खीरा और थोड़ा चाट मसाला मिलाकर टिफिन में पैक कर दें. ये लंबे समय तक पेट भरा रखने में मदद करता है और जल्दी खराब भी नहीं होता. गर्मियों में इसे खाना काफी फ्रेश और हल्का महसूस होता है.

Advertisement

पीनट बटर बनाना रोल
बच्चों के टिफिन के लिए ये एक मजेदार और झटपट बनने वाला आइडिया है. रोटी पर पीनट बटर लगाएं, उसमें केला रखें और रोल बना लें. चाहें तो साथ में नारियल पानी या कोई मौसमी फल भी रख सकते हैं. बच्चों को इसका मीठा स्वाद काफी पसंद आता है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement