scorecardresearch
 

Mahashivratri Special Vrat Thali: महाशिवरात्रि पर भूखे नहीं, खुश रहेंगे आप! शेफ रणवीर बरार की 'व्रत थाली' देगी स्वाद के साथ एनर्जी का तोहफा

Mahashivratri Special Vrat Thali: अगर आप सोच रहे हैं कि महाशिवरात्रि 2026 पर व्रत में क्या बनाएं? तो शेफ रणवीर बरार ने एक खास थाली बताई है, जिसमें 6 डिश हैं. ये डिश ना केवल जल्दी बन जाती हैं बल्कि बेहद स्वादिष्ट भी हैं.

Advertisement
X
शेफ रणवीर बरार ने व्रत में खाई जाने वाली 6 आसान और मजेदार डिश बताई है, जो बेहद स्वादिष्ट हैं. (Photo: ITG)
शेफ रणवीर बरार ने व्रत में खाई जाने वाली 6 आसान और मजेदार डिश बताई है, जो बेहद स्वादिष्ट हैं. (Photo: ITG)

Mahashivratri Special Vrat Thali: महाशिवरात्रि का व्रत आते ही लगभग हर घर में यही सवाल उठता है कि ऐसा क्या बनाया जाए, जो व्रत के नियमों में भी फिट बैठे और खाने में बिल्कुल फीका भी न लगे. व्रत के दिन अक्सर लोगों के पास खाने के लिए गिनी-चुनी चीजें ही होती हैं, जिसकी वजह से उन्हें स्वाद से समझौता करना पड़ता है.

इस बार 15 फरवरी 2026 को महाशिवरात्रि मनाई जाएगी. ऐसे में उससे पहले हम आपको मशहूर शेफ रणवीर बरार की एक खास व्रत थाली के बारे में बताने जा रहे हैं, जो इस उलझन का बेहद दिलचस्प और स्वाद से भरपूर समाधान पेश करती है. शेफ रणवीर बरार ने महाशिवरात्रि के लिए एक स्पेशल व्रत थाली तैयार करने का तरीका बताया है, जिसमें कम इंग्रेडिएंट्स से बनने वाली लेकिन ज़बरदस्त फ्लेवर वाली 6 डिश शामिल हैं.

ये थाली न सिर्फ व्रत के नियमों का पूरा ध्यान रखती है, बल्कि खाने का पूरा मजा भी देती है. कुल मिलाकर, यह थाली उस सोच पर बिल्कुल फिट बैठती है, जिसमें कहा जाता है कि फास्टिंग में भी फिस्टिंग हो सकती है.

1. समक के चावल का पुलाव: व्रत में चावल खाने से मना किया जाता है. ऐसे में चावल की जगह समक के चावल खाए जाते हैं. समक के चावलों को व्रत के चावल भी कहा जाता है. महाशिवरात्रि की थाली में शेफ रणवीर बरार ने पहली डिश समक के चावल का पुलाव बताई है. वो कहते हैं अगर समक के चावल को अच्छी तरह धोकर और थोड़ी देर भिगोकर पकाया जाए, तो ये बेहद स्वादिष्ट बनते हैं. उन्होंने कहा घी में हल्का सा भूनकर बनाए गए समक के चावल का पुलाव न सिर्फ जल्दी तैयार हो जाता है, बल्कि व्रत के लिए बिल्कुल परफेक्ट भी होता है.

Advertisement

2. मूंगफली की कढ़ी: व्रत के दौरान हल्दी का इस्तेमाल नहीं किया जाता, ऐसे में शेफ रणवीर बरार की मूंगफली की कढ़ी एक शानदार ऑप्शन है. अच्छी तरह भुनी हुई मूंगफली से बनी कढ़ी गाढ़ी और बेहद स्वादिष्ट होती है. महाराष्ट्र में इस कढ़ी को ‘दाण्याची आमटी’ भी कहा जाता है.

3. कुट्टू के पकौड़े: महाशिवरात्रि के व्रत में अगर कुछ चटपटा खाने का मन हो, तो कुट्टू के पकौड़े सबसे अच्छा ऑप्शन हैं. शेफ रणवीर बरार इसमें आलू का इस्तेमाल करते हैं, लेकिन आप चाहें तो शकरकंद से भी ये पकौड़े बनाए जा सकते हैं. अगर बैटर को थोड़ी देर के लिए सेट होने दिया जाए, तो पकौड़े ज्यादा फूले हुए और ज्यादा क्रिस्पी बनते हैं.

4. मखाना खीर:  दूध, मखाने और ड्राई फ्रूट्स से बनी मखाना खीर महाशिवरात्रि के व्रत में मिठास का परफेक्ट ऑप्शन है. धीमी आंच पर पकाई गई ये खीर स्वाद में लाजवाब होती है और शरीर को एनर्जी भी देती है. इसे खाने से व्रत के दौरान कमजोरी महसूस नहीं होती.

5. फ्रूट रायता: व्रत की थाली को हल्का और बैलेंस्ड बनाने के लिए थाली में फ्रूट रायता शामिल किया गया है. दही और फलों का ये कॉम्बिनेशन डाइजेशन में मदद करता है और बाकी भारी चीजों के साथ अच्छा बैलेंस बनाता है.

Advertisement

6. शकरकंद की झटपट सब्जी: घी, जीरा, हरी मिर्च और करी पत्ते के साथ बनाई गई शकरकंद की सब्जी इस व्रत थाली को और भी खास बना देती है. ऊपर से शकरकंद की हल्की मिठास और घी की खुशबू मिलकर स्वाद को दोगुना कर देती है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement