scorecardresearch
 

Lauki raita Recipe: खीरा-बूंदी छोड़िए, गर्मियों में ऐसे बनाएं स्पेशल लौकी का रायता, कटोरी भर-भर के खाएंगे घरवाले!

गर्मियों में पेट को ठंडा रखने और शरीर में पानी की कमी दूर करने के लिए लौकी का रायता एक बेहतरीन ऑप्शन है. कम समय में तैयार होने वाला यह रायता न केवल स्वादिष्ट है, बल्कि डाइजेशन सुधारने में भी मददगार है. स्वाद और सेहत का यह देसी कॉम्बिनेशन इस समर सीजन जरूर ट्राई करें.

Advertisement
X
लौकी के पकौड़े भी खाने में टेस्टी होते हैं. (PHOTO: ITG)
लौकी के पकौड़े भी खाने में टेस्टी होते हैं. (PHOTO: ITG)

Lauki raita Recipe: गर्मियों में खाने के साथ रायता हो तो मजा दोगुना हो जाता है. लेकिन अगर आप रोज-रोज खीरा-बूंदी का रायता खाकर बोर हो जाते हैं, तो इस गर्मी आप इस खास रायते को बना सकते हैं जो खाने में भी अच्छा होता है, इसके साथ ही गर्मी में यह शरीर में पानी की कमी भी दूर करने में मदद करता है. गर्मी में जल्दी खाना डाइजेस्ट नहीं होता है और इस वजह से पेट से जुड़ी समस्याएं अक्सर ही लोगों को अपनी चपेट में ले लेती हैं. 

ऐसे में आप इस गर्मी लौकी का रायता ट्राई कर सकते हैं. लौकी भले ही कई लोगों की पसंदीदा सब्जी न हो, लेकिन जब इसे टेस्टी रायते में बदला जाता है, तो इसका टेस्ट इतना लाजवाब हो जाता है कि हर कोई उंगलियां चाटता रह जाता है. सबसे अच्छी बात यह है कि अगर आपके घरवालों को भी लौकी की सब्जी अच्छी नहीं लगती है तो आप उनको इसका रायता बनाकर खिला सकते हैं, जो समर सीजन में बहुत हेल्दी होता है. 

क्यों खास है लौकी का रायता?

लौकी गर्मियों के लिए बेहद फायदेमंद मानी जाती है, क्योंकि इसमें पानी की मात्रा अधिक होती है. इसलिए लौकी शरीर को ठंडक देती है और डिहाइड्रेशन से बचाती है. साथ ही यह डाइजेशन को बेहतर बनाती है और हल्की होने के कारण आसानी से डाइजेस्ट भी हो जाती है. ऐसे में इसका रायता आपके खाने को न सिर्फ टेस्टी बल्कि हेल्दी भी बना देता है.

Advertisement

लौकी रायता बनाने के लिए इंग्रेडिएंट्स

  • 1 कप कद्दूकस की हुई लौकी
  • 1 कप ताजा दही
  • 1/2 छोटा चम्मच भुना जीरा पाउडर
  • स्वादानुसार नमक
  • एक चुटकी काला नमक
  • बारीक कटी हरी मिर्च
  • थोड़ी सी हरी धनिया
  • चुटकीभर लाल मिर्च पाउडर 

बनाने का देसी तरीका

  1. लौकी का रायता बनाने के लिए सबसे पहले लौकी को अच्छे से छीलकर धो लें और कद्दूकस करके साइड में रख लें.
  2. अब एक पैन में थोड़ा सा पानी डालकर लौकी को हल्का उबाल लें. ध्यान रखें कि लौकी ज्यादा न पके, बस नरम हो जाए.
  3. उबालने के बाद सारा एक्स्ट्रा पानी निकाल लें और लौकी को ठंडा होने के लिए छोड़ दें, क्योंकि लौकी के ठंडे होने पर ही रायता बनाया जाएगा.
  4. अब एक बाउल में ताजा दही लें और उसे अच्छे से फेंट लें ताकि वह स्मूद हो जाए. इसमें उबली हुई लौकी डालें और अच्छी तरह मिक्स करें.
  5. दही और लौकी को मिलाने के बाद इसमें नमक, काला नमक, भुना जीरा पाउडर और बारीक कटी हरी मिर्च डालकर मिला लें.
  6. आखिर में ऊपर से हरी धनिया और थोड़ा सा लाल मिर्च पाउडर डालकर गार्निश करें. चाहें तो इसमें एक तड़का भी लगा सकते हैं.
  7. तड़के के लिए छोटे पैन में थोड़ा सा घी गरम करें, उसमें राई और करी पत्ते डालें और इस तड़के को रायते के ऊपर डाल दें. इससे इसका स्वाद और भी बढ़ जाता है.

खाने का सही तरीका

लौकी का रायता ठंडा-ठंडा परोसने में सबसे ज्यादा लाजवाब लगता है. इसे आप दाल-चावल, पराठे या पुलाव के साथ सर्व कर सकते हैं. यह न सिर्फ खाने का स्वाद बढ़ाता है, बल्कि गर्मी में शरीर को ठंडक भी देता है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement