Lauki Ka Chilla Recipe: रोज के पराठे-पोहे से हो गए हैं बोर? ट्राई करें लौकी से बना चटपटा चीला, बनाना है बेहद आसान
Lauki Ka Chilla Recipe: आपने कई तरह के चीले खाए होंगे लेकिन क्या कभी लौकी का चीला ट्राई किया है. आज हम आपको घर पर लौकी का चीला बनाने की आसान रेसिपी बताएंगे, जिसे आप आसानी से कम समय में सुबह के नाश्ते के लिए तैयार कर सकते हैं.
Advertisement
X
गर्मियों में सुबह के नाश्ते में बनाएं लौकी का चीला, बच्चों से लेकर बड़ों तक सब मांग-मांग कर खाएंगे (Photo- ITG)
Lauki Ka Chilla Recipe: सुबह का नाश्ता दिन का सबसे जरूरी खाना होता है लेकिन सुबह की जल्दबाजी में अक्सर समझ नहीं आता कि क्या बनाया जाए जो हेल्दी और टेस्टी होने के साथ-साथ जल्दी भी बन जाए. ऐसे में लौकी का चीला आपके लिए बेस्ट ऑप्शन हो सकता है. लौकी, बेसन और दही से बना यह चीला खाने में लाजवाब होने के साथ-साथ सेहत के लिए भी काफी फायदेमंद होता है. यह डाइजेशन के लिए अच्छा होता है और आपको दिनभर एनर्जेटिक रखने में भी मदद करता है.
अगर आप रोज एक जैसा नाश्ता खाकर बोर हो गए हैं तो लौकी चीला जरूर ट्राई करें. आज हम आपको इसे बनाने का आसान तरीका बताएंगे, जिसे आप कम समय में आसानी से तैयार कर सकते हैं.
लौकी का चीला बनाने के लिए किन-किन चीजों की जरूरत होती है
1 कद्दूकस की हुई लौकी
4 चम्मच बेसन
2 चम्मच दही
2 चम्मच सूजी
2 हरी मिर्च (बारीक कटी हुई)
1 चम्मच हरा धनिया (कटा हुआ)
1 छोटा चम्मच चाट मसाला
नमक स्वादानुसार
तेल आवश्यकतानुसार
लौकी का चीला बनाते कैसे हैं?
सबसे पहले लौकी को छीलकर कद्दूकस कर लें और उसे हल्का निचोड़कर अलग रख दें.
अब एक बाउल में बेसन और सूजी डालकर अच्छी तरह मिक्स करें. इसमें कद्दूकस की हुई लौकी डालकर मिला लें.
इसके बाद दही, कटी हरी मिर्च, कटा हरा धनिया और नमक डालकर सभी चीजों को अच्छे से मिक्स करें. अब थोड़ा-थोड़ा पानी डालकर गाढ़ा घोल तैयार कर लें और इसे कुछ मिनट के लिए ढककर रख दें.
अब एक तवा या नॉनस्टिक पैन को मीडियम आंच पर गर्म करें और उस पर थोड़ा सा तेल फैला दें.
तवे पर एक चमचा घोल डालें और उसे गोल आकार में फैला दें. ऊपर से थोड़ा तेल डालकर एक तरफ से सेंकें, फिर पलटकर दूसरी तरफ से भी सुनहरा और कुरकुरा होने तक पका लें.
तैयार चीले को प्लेट में निकाल लें, ऊपर से चाट मसाला छिड़कें और हरी चटनी या टोमैटो सॉस के साथ गरमा-गरम सर्व करें.