
How To Store Ginger Garlic Paste: भारतीय खाने में मसालों का इस्तेमाल काफी ज्यादा होता है और इनकी वजह से ही खाना टेस्टी भी बनता है. यही वजह है कि विदेशी भी अब इंडियन फूड के दीवाने हैं, गरम मसाले के साथ-साथ सब्जी में अदरक लहसुन के पेस्ट का भी अलग ही स्वाद होता है. यह भारतीय रसोई में मौजूद ऐसी चीज है, जिसका अधिकतर इस्तेमाल किया जाता है. यह लगभग हर सब्जी और ग्रेवी का स्वाद दोगुना कर देती है.
समय बचाने के लिए अक्सर हम इसे एक साथ ज्यादा मात्रा में पीसकर रख लेते हैं, लेकिन समस्या तब आती है जब कुछ ही दिनों में इसका कलर हरा या काला पड़ने लगता है और इसकी खुशबू भी गायब हो जाती है, जिससे खाने में भी स्वाद नहीं आता है. लेकिन अब आप आपको बार-बार इस पेस्ट को बनाने का झंझट नहीं करना पड़ेगा, क्योंकि अच्छी बात यह है कि कुछ आसान ट्रिक्स के जरिए आप लंबे समय तक अदरक-लहसुन के पेस्ट को फ्रेश रख सकते हैं. सर्दियों में बनाकर रख लें और महीनों तक इसे इस्तेमाल कर पाएंगे.
अदरक और लहसुन नमी की वजह से जल्दी खराब होते हैं, इसलिए पेस्ट बनाने से पहले अदरक को धोकर अच्छी तरह सुखा लें. छीलने के बाद लहसुन और अदरक को एक सूखे कपड़े से पोंछ लें ताकि उसमें पानी का एक कतरा भी न बचे. अदरक और लहसुन को पीसते समय कभी भी ऊपर से पानी न डालें. पानी की जगह आप तेल का इस्तेमाल कर सकते हैं.
नमक और तेल नेचुरल प्रिजर्वेटिव की तरह काम करते हैं, जब आप पेस्ट पीस रहे हों, इस समय आप उसमें एक चम्मच नमक और 2-3 चम्मच सरसों या रिफाइंड तेल डाल दीजिए. इसका यह फायदा होगा कि नमक बैक्टीरिया को पनपने नहीं देगा और तेल पेस्ट की नमी को लॉक कर देता है, जिससे उसका कलर काला नहीं पड़ता.

तेल और नमक के अलावा अगर आप अदरक लहसुन पीसते समय इसमें एक बड़ा चम्मच सफेद सिरका मिला दें. सिरका डालने से पेस्ट 2 से 3 महीने तक बिल्कुल वैसा ही रहे जैसा पहले दिन था. सिरका पेस्ट के pH लेवल को बनाए रखता है, जिससे ऑक्सीकरण की प्रोसेस स्लो हो जाता है और पेस्ट का टेस्ट नहीं बदलता है.
पेस्ट बनाने के बाद सबसे जरूरी होता है कि आप इसे कैसे स्टोर कर रहे हैं. अगर आप इसे लंबे टाइम तक इस्तेमाल करना चाहते हैं तो पेस्ट को कभी भी प्लास्टिक के डिब्बे में न रखें, क्योंकि इससे स्मेल आने लगती है. हमेशा अदरक-लहसुन के पेस्ट को कांच की एयरटाइट बरनी में ही भरकर रखें.
अगर आप पेस्ट को 6 महीने तक चलाना चाहते हैं, तो इसे आइस क्यूब ट्रे में जमा भी सकते हैं. जमने के बाद इन क्यूब्स को एक जिप-लॉक बैग में भरकर फ्रीजर में रख दें. और जब भी जरूरत हो, एक क्यूब निकालें और सीधे हांडी में डाल दें.