बढ़ती उम्र के साथ-साथ आपकी हड्डियां कमजोर होने लगती हैं. आप आस्टियोपोरोसिस या आर्थराइटिस जैसी समस्याओं से जुझने लगते हैं. ऐसी स्थिति में कैल्शियम से भरपूर फूड्स के सेवन की सलाह दी जाती है. इसके लिए आप दूध, पनीर, दही, हरी पत्तेदार सब्जियां, जैसे पालक, केल, सरसों के पत्ते, बादाम, तिल, सोया मिल्क, फोर्टिफाइड जूस का सेवन कर सकते हैं.
लेकिन क्या आपको पता है हम डेली जो डाइट लेते हैं, उनमें कई ऐसे फूड्स भी शामिल होते हैं, जो हड्डियों को कमजोर करने का काम करते हैं. इन फूड्स के सेवन से आपकी बोन डेंसिटी कम होती है और आप हड्डियों से संबंधित अनेक बीमारियों के शिकार हो जाते हैं. हम आपको ऐसे ही कुछ फूड्स के बारे में बता रहे हैं, जिनका सेवन सावधानी बरतते हुए करना चाहिए.
ज्यादा नमक का सेवन करने से बचें
बढ़ती उम्र के साथ ये सुनिश्चित जरूर करें कि आप ज्यादा नमक का सेवन तो नहीं कर रहे हैं. नमक में भरपूर मात्रा में सोडियम होता है, जो आपकी बोन डेंसिटी को नुकसान पहुंचा सकता है और हड्डियों को कमजोर कर सकता है.
अधिक चाय और कॉफी हड्डियों के लिए नुकसानदायक
अधिक चाय और कॉफी का सेवन भी आपकी बोन डेंसिटी को नुकसान पहुंचा सकता है. दरअसल, इनमें मौजूद कैफीन की मात्रा हड्डियों से कैल्शियम निकालने का काम करती है, जिसके चलते हड्डियों के बीच का घनत्व कम होता है.
ऐराटेड ड्रिंक्स भी बोन डेंसिटी कम करता है
ऐराटेड ड्रिंक्स भी आपकी हड्डियों की सेहत के लिए काफी नुकसानदायक है. ये ना सिर्फ आपकी बॉडी में सोडा की मात्रा बढ़ाते हैं, बल्कि आपकी बोन डेंसिटी को भी कम करने में अहम भूमिका निभाते हैं. इसमें फास्फोरिक एसिड आपकी हड्डियां कमजोर करने का काम करती है.
अधिक शराब का सेवन हड्डियों के लिए नुकसानदेह
अधिक शराब के सेवन से कैल्शियम की कमी होना आम बात है. दरअसल, शराब के ज्यादा सेवन से शरीर कैल्शियम को अवशोषित करने में असमर्थ हो जाता है, जिसका असर बोन डेंसिटी पर पड़ता है. इसके चलते हड्डियों में दर्द बढ़ना और कमजोर होने की प्रकिया शुरू हो जाती है.