ईरान से जुड़े तनाव और युद्ध जैसे हालात के बाद अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में तेज उछाल देखने को मिला है. इसका असर अब दुनिया के कई देशों में साफ दिखाई दे रहा है. पेट्रोल और डीजल की कीमतों में भारी बढ़ोतरी ने आम लोगों की जेब पर बोझ बढ़ा दिया है, वहीं कई देशों में महंगाई भी तेजी से बढ़ रही है. इस बढ़ोतरी का असर पड़ोसी देश पाकिस्तान में भी देखने को मिला है. वहां सरकार ने पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बड़ी बढ़ोतरी की है.
रिपोर्ट्स के मुताबिक, पाकिस्तान में डीजल की कीमत में करीब 54.9 फीसदी का इजाफा हुआ है, जिसके बाद इसकी कीमत 520.35 पाकिस्तानी रुपये प्रति लीटर तक पहुंच गई है. वहीं पेट्रोल की कीमत में भी लगभग 42.7 फीसदी की बढ़ोतरी की गई है और यह 458.40 पाकिस्तानी रुपये प्रति लीटर हो गई है. इससे आम लोगों के साथ-साथ ट्रांसपोर्ट और रोजमर्रा के खर्चों पर सीधा असर पड़ा है.
हॉन्ग-कॉन्ग में पेट्रोल सबसे महंगा
अगर दुनिया में सबसे महंगे पेट्रोल की बात करें, तो इस लिस्ट में सबसे ऊपर हॉन्ग-कॉन्ग का नाम आता है. यहां एक लीटर पेट्रोल की कीमत करीब 4.1 डॉलर है, जो दुनिया में सबसे ज्यादा मानी जाती है. दिलचस्प बात यह है कि हॉन्ग कॉन्ग अपनी जरूरत का लगभग 80 फीसदी तेल चीन से आयात करता है. वहीं चीन में पेट्रोल की कीमत इससे काफी कम है, जिस वजह से कई लोग सस्ता पेट्रोल भरवाने के लिए चीन का रुख करते हैं. ऊंची कीमतों का असर यह है कि वहां बहुत कम लोगों के पास निजी कार है.
यहां जानें पेट्रोल का रेट
हॉन्ग कॉन्ग के बाद इस सूची में Malawi दूसरे स्थान पर है, जहां एक लीटर पेट्रोल की कीमत करीब 2.86 डॉलर है. इसके बाद Netherlands (2.74 डॉलर), Denmark (2.66 डॉलर), Singapore (2.55 डॉलर) और Germany (2.42 डॉलर) जैसे देश शामिल हैं. इसके अलावा Liechtenstein, Albania, Greece और Norway में भी पेट्रोल काफी महंगा है. भारत की बात करें तो राजधानी New Delhi में पेट्रोल की कीमत करीब 94.77 रुपये प्रति लीटर और डीजल की कीमत 87.67 रुपये प्रति लीटर के आसपास है. हालांकि, अन्य कई देशों के मुकाबले भारत में कीमत अभी भी मध्यम स्तर पर हैं.
अब अगर सबसे सस्ते पेट्रोल वाले देशों की बात करें, तो इस सूची में पहला नाम ईरान का आता है. यहां एक लीटर पेट्रोल की कीमत मात्र 0.029 डॉलर (2.69 Indian Rupee) है. ईरान दुनिया के प्रमुख तेल उत्पादक देशों में से एक है, इसलिए वहां पेट्रोल बेहद सस्ता मिलता है, भले ही देश युद्ध जैसी परिस्थितियों से जूझ रहा हो. ईरान के बाद Venezuela का नाम आता है, जहां पेट्रोल की कीमत करीब 0.035 डॉलर प्रति लीटर है. यह देश दुनिया के सबसे बड़े तेल भंडारों में से एक है. इसके अलावा Libya, Angola, Egypt और Algeria जैसे देशों में भी पेट्रोल की कीमत काफी कम है.
कुल मिलाकर, कच्चे तेल की कीमतों में आई तेजी ने दुनिया भर में ईंधन के दाम बढ़ा दिए हैं. जहां कुछ देशों में लोग महंगे पेट्रोल से परेशान हैं, वहीं तेल उत्पादक देशों में अब भी यह काफी सस्ता है. आने वाले समय में अगर अंतरराष्ट्रीय हालात नहीं सुधरे, तो पेट्रोल-डीजल की कीमतों में और बढ़ोतरी हो सकती है, जिससे आम लोगों की मुश्किलें और बढ़ सकती हैं.