UP News: फिरोजाबाद जिले में 23 महीने पहले एक लड़की की बॉयफ्रेंड और उसके परिजनों ने हत्या कर दी. उसके शव को अपने घर में दफन कर ऊपर से भूसे की बोरियां रख दी थीं. इसके बाद पूरा परिवार घर में ताला डालकर फरार हो गया. प्रेमी अपने परिवार सहित नोएडा में रहने लगा. अब पुलिस ने सूचना के बाद प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है. पूछताछ के बाद आरोपी के घर में खुदाई करके लड़की का कंकाल बरामद किया गया है.
जानकारी के अनुसार, सिरसागंज थाना क्षेत्र के किठौत में गांव की रहने वाली 20 साल की लड़की 21 नवंबर 2020 को अचानक लापता हो गई थी. लड़की की मां ने घर के पास ही रहने वाले युवक गौरव पुत्र चंद्रभान और 4 अन्य के खिलाफ इस मामले में केस दर्ज कराया था.
केस दर्ज होते ही गौरव अपने परिवार सहित घर में ताला बंद कर फरार हो गया था. गौरव और उसके परिवार के साथ ही लापता लड़की की काफी तलाश की गई, लेकिन किसी का कोई पता नहीं लगा.

पुलिस इस केस में लगातार तफ्तीश में लगी रही. गुरुवार को पुलिस को सूचना मिली कि गौरव अपने परिवार के साथ हरियाणा के बल्लभगढ़ (फरीदाबाद जिला) में किराए के घर में रह रहा है. इसके बाद पुलिस ने छापा मारा और गौरव को गिरफ्तार कर लिया.
इसके बाद आरोपी गौरव से पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की. तब खुलासा हुआ कि उसने अपनी प्रेमिका की हत्या 23 माह पहले ही कर दी थी. इसके बाद शव को घर में दफना दिया था. इसके बाद घर में ताला डालकर भाग गए थे.
आरोपी गौरव की निशानदेही पर जब पुलिस ने शनिवार शाम मकान को खुलवाया तो वहां बड़ी-बड़ी झाड़ियां उग आई थीं. आरोपी के बताए गए स्थान पर खुदाई की गई तो लड़की का कंकाल बरामद हुआ. पुलिस ने कंकाल को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है.

आरोपी गौरव ने पुलिस के सामने जब खुलासा किया कि लड़की की हत्या उसने 23 माह पहले ही कर दी थी तो यह बात सुनकर लड़की के परिवार वाले सकते में आ गए. क्योंकि वह काफी लंबे समय से इस इंतजार में थे कि उनकी लड़की जिंदा है और शायद वह आरोपी के कब्जे में है.
सीओ अनिवेश सिंह ने कहा कि साल 2020 में एक मुकदमा लिखा गया था, जिसमें एक लड़की गायब थी. पुलिस की तफ्तीश में पता लगा कि गौरव नाम के लड़के से प्रेम संबंध थे.
जब गौरव को पकड़ा और पूछताछ की तो उसने बताया कि उसने लड़की की हत्या कर अपने घर में ही दफना दिया था. आरोपी और उसके पिता को गिरफ्तार किया है. अन्य आरोपियों की भी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं.