
कोरोना वायरस की वैक्सीन के वैक्सीनेशन की आज शुरुआत होनी है. अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी में वैक्सीनेशन की शुरुआत से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सफाईकर्मियों से संवाद करेंगे. पीएम मोदी कोरोना के खिलाफ लड़ाई के दौरान फ्रंटलाइन वॉरियर रहे सफाईकर्मियों से मुखातिब होंगे ही, वैक्सीनेशन कराने वाले स्वास्थ्यकर्मियों से भी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बात करेंगे.
जिलाधिकारी कौशल राज शर्मा ने बताया कि पीएम मोदी का संबोधन लोग बड़ी स्क्रीन पर देख सकेंगे. लाभार्थियों से पीएम के संवाद के लिए भी जरूरी प्रबंध किए जा रहे हैं. उन्होंने बताया कि अभी पीएम से संवाद के लिए लाभार्थियों के नाम फाइनल नहीं किए गए हैं लेकिन अन्य तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं. वाराणसी के जिलाधिकारी ने बताया कि प्रधानमंत्री के संबोधन के बाद ही वैक्सीनेशन की शुरुआत की जाएगी.
देखें: आजतक LIVE TV
डीएम ने कहा कि 4 घंटे वैक्सीनेशन किया जाएगा. पहले दिन वाराणसी जिले के छह केंद्रों पर 25-25 के बैच में कुल 600 लोगों का वैक्सीनेशन किया जाएगा. वैक्सीनेशन के पहले दिन चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों का वैक्सीनेशन किया जाएगा. उन्होंने बताया कि वाराणसी जिले के कुल 6 में से 4 केंद्र शहर, 2 केंद्र ग्रामीण इलाके में हैं. डीएम ने बताया कि इसके बाद वैक्सीनेशन के लिए शुक्रवार और सोमवार का दिन निर्धारित किया गया है.

वाराणसी के डीएम ने बताया कि पहले चरण के दौरान चार दिन में 10 हजार से अधिक लोगों के वैक्सीनेशन का लक्ष्य निर्धारित किया गया है. पहले दिन चतुर्थ श्रेणी के कर्मचारियों का वैक्सीनेशन होगा और इसके बाद तृतीय और द्वितीय श्रेणी के कर्मचारियों का. इससे पहले वाराणसी के डीएम ने वैक्सीनेशन सेंटर का निरीक्षण कर तैयारियों के संबंध में मातहतों से जानकारी ली.
ये भी पढ़ें