उत्तर प्रदेश में जल्द ही पंचायत चुनाव होने को हैं. ऐसे में प्रशासन ने अपनी सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं. वहीं अब पंचायत चुनाव को लेकर राज्य निर्वाचन आयोग कार्यालय में एक कंट्रोल रूम खोला गया है. बताया जा रहा है कि इस कंट्रोल रूम के जरिये पंचायत चुनाव के दौरान होने वाली सभी शिकायतों का तेजी से निस्तारण करवाया जाएगा. यह कंट्रोल रूम तीन शिफ्टों में चलेगा. पंचायत चुनाव के दौरान होने वाली शिकायतों के लिए कंट्रोल रूम नम्बर 0522-2630115 पर कोई भी सूचना दी जा सकेगी.
वहीं गाजियाबाद के मसूरी थाना क्षेत्र में आचार संहिता का उलंघन करने पर कार्रवाई हुई है. यहां प्रधान पद के दो उम्मीदवार अफसर अली और शहजाद के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है. जानकारी के मुताबिक ये दोनों नेशनल हाईवे के नजदीक बैनर-पोस्टर लगाकर भीड़ जमा कर रहे थे. एसपी ग्रामीण इरज राजा के आदेश पर एफआईआर दर्ज हुई है.
बता दें कि हाल ही में जारी की गयी एक अधिसूचना के मुताबिक 15 अप्रैल, 19 अप्रैल, 26 अप्रैल और 29 अप्रैल को मतदान होगा. वहीं 2 मई को वोटों को गिनती होगी.
किस जिले में कब वोटिंग
पहला चरण-
15 अप्रैल को पहले चरण में 18 जिलों- सहारनपुर, गाजियाबाद, रामपुर, बरेली, हाथरस, आगरा, कानपुर नगर, झांसी, महोबा, प्रयागराज, बरेली, रायबरेली, हरदोई, अयोध्या बस्ती संतकबीरनगर गोरखपुर जौनपुर और भदोही में मतदान होगा.
दूसरा चरण-
19 अप्रैल को दूसरे चरण में 20 जिलों- मुजफ्फरनगर, बागपत, गौतम बुद्ध नगर, बिजनौर, अमरोहा, बदायूं, एटा, मैनपुरी, कन्नौज, इटावा, ललितपुर, चित्रकूट, प्रतापगढ़, लखनऊ, लखीमपुर खीरी, सुल्तानपुर, गोंडा, महाराजगंज, वाराणसी, आजमगढ़ में मतदान होगा.
तीसरा चरण-
26 अप्रैल को दूसरे चरण में 20 जिलों- शामली, मेरठ, मुरादाबाद, पीलीभीत, कासगंज, फिरोजाबाद, औरैया, कानपुर देहात, जालौन, हमीरपुर, फतेहपुर, उन्नाव, अमेठी, बाराबंकी, बलरामपुर, सिद्धार्थनगर, देवरिया, चंदौली, मिर्जापुर, बलिया में मतदान होगा.
चौथा चरण-
29 अप्रैल को चौथे चरण में 17 जिलों- बुलंदशहर, हापुड़, संभल, शाहजहांपुर, अलीगढ़, मथुरा, फर्रुखाबाद, बांदा, कौशांबी, सीतापुर, अंबेडकर नगर, बहराइच, बस्ती, कुशीनगर, गाजीपुर, सोनभद्र, मऊ में मतदान होगा.