बढ़ता राजस्व और चालू खाता घाटा, धीमी होती विकास दर और कमजोर होते रुपये के दबाव से सरकार सकते में है. बदहाल इकोनॉमी को सही रास्ते पर लाने के लिए सरकार सोना गिरवी रख सकती है. इस ओर इशारा किया है वाणिज्य मंत्री आनंद शर्मा ने.
आनंद शर्मा ने कहा, 'हमारे पास 31000 टन सोना है. अगर हम 500 टन सोने को गिरवी रखकर नकद उगाहने की कोशिश करते हैं तो चालू खाता घाटे का निपटारा हो सकता है. यह एक सुझाव मात्र है. 2009 में भी हमने ऐसा किया था.'
हालांकि आनंद शर्मा ने इशारों में यह भी साफ किया कि सरकार ऐसा करने वाली है इसपर कोई फैसला नहीं हुआ है. उन्होंने कहा कि अलग परिस्थितियों का अलग ढंग से सामना करना होगा. नई चुनौतियों का सामना करने की जरूरत है.
आनंद शर्मा ने कहा, 'क्या हम कुछ कर सकते हैं, का सवाल नहीं है. मेरा मानना है कि नई सोच लाने की जरूरत है. पर यह आरबीआई और वित्त सचिव को सोचना है कि ऐसी परिस्थिति के समाधान के लिए क्या किया जाए?'
गौर करने वाली बात है कि मंगलवार को रुपये में रिकॉर्ड गिरावट दर्ज की गई. डॉलर के मुकाबले रुपया 66.24 पर बंद हुआ. यह अब तक का सबसे निचला स्तर है. आज के कारोबार में 194 पैसे की गिरावट दर्ज की गई.
वहीं, शेयर बाजार में भी भारी गिरावट दर्ज की गई. प्रमुख सूचकांक सेंसेक्स 590.05 अंकों की गिरावट के साथ 17,968.08 पर और निफ्टी 189.05 अंकों की गिरावट के साथ 5,287.45 पर बंद हुए.