राजस्थान विधानसभा चुनाव के नतीजे घोषित हो गए हैं. 200 सीटों वाली विधानसभा में 199 सीटों के लिए 7 दिसंबर को मतदान हुआ था. बीकानेर जिले की नोखा सीट से भारतीय जनता पार्टी के बिहारीलाल ने चुनाव जीता है. उन्होंने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रामेश्वर डूडी को शिकस्त दी है.
बीजेपी के बिहारीलाल को 86917 वोट मिले हैं, जबकि कांग्रेस के रामेश्वर डूडी को 78254 वोट हासिल हुए हैं और बिहारीलाल ने उन्हें 8663 मतों से हराया है.
रामेश्वर डूडी यहां से सिटिंग विधायक थे. जाट नेता रामेश्वर डूडी ने पिछले चुनाव में निर्दलीय कन्हैया लाल झंवर को हराया था, जो इस बार कांग्रेस में शामिल हो गए हैं और बीकानेर पूर्व सीट से चुनाव लड़े हैं.
बीजीपी प्रत्याशी बिहारीलाल ने पिछला चुनाव निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर लड़ा था और वह तीसरे नंबर पर रहे थे. जाट बाहुल्य इस सीट पर पर विश्नोई समाज भी खासी तादाद में है. रामेश्वर डूडी के लिए उनकी भांजी इंदु देवी परेशानी का सबब बन सकती हैं, जो नवगठित पार्टी राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी से मैदान में हैं.
बीकानेर जिले का चुनावी समीकरण
बीकानेर जिले में कुल 7 विधानसभा सीट आती हैं. 2013 के चुनाव में जिले में कुल 13,17,766 वोटर्स थे, जिनमें से 9,84,223 लोगों (74.7%) ने अपने मतों का इस्तेमाल किया था. यहां 6 सीटें सामान्य वर्ग के लिए हैं, जबकि 1 सीट अनुसूचित जाति (SC) के लिए आरक्षित है. सामान्य सीटों में बीकानेर पश्चिम, बीकानेर पूर्व, कोलायत, लूणकरणसर, डूंगरगढ़, नोखा आती हैं, जबकि खाजूवाला आरक्षित सीट है.
नोखा सीट
नोखा विधानसभा क्षेत्र में करीब 22 फीसदी अनुसूचित जाति की आबादी है. यह इलाका छोटे और मंझोले उद्योगों के लिए जाना जाता है. यहां रिफाइंड तेल, सीमेंट, कपास और टाइल्स जैसी चीजों के उद्योग हैं. जो इलाके की अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाते हैं.
2013 चुनाव का रिजल्ट
रामेश्वर लाल डूडी (कांग्रेस)- 70,801 (45%)
कन्हैया लाल (निर्दलीय)- 40,007 (25%)
बिहारी लाल (निर्दलीय)- 35,365 (22%)
2008 चुनाव का रिजल्ट
कन्हैया लाल (निर्दलीय)- 49,796 (37%)
रामेश्वर लाल डूडी (कांग्रेस)- 47,519 (36%)
बिहारी लाल (बीजेपी)- 25,018 (19%)
विधानसभा का समीकरण
राजस्थान विधानसभा में कुल 200 सीटें हैं. इनमें 142 सीट सामान्य, 33 सीट अनुसूचित जाति और 25 सीट अनुसूचित जनजाति वर्ग के लिए आरक्षित हैं. 2013 के विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी थी और उसने 163 सीटों पर जीत दर्ज की थी. जबकि कांग्रेस 21 सीटों पर सिमट गई थी. बहुजन समाज पार्टी को 3, नेशनल पीपुल्स पार्टी को 4, नेशनल यूनियनिस्ट जमींदारा पार्टी को 2 सीटें मिली थीं. जबकि 7 सीटों पर निर्दलीय उम्मीदवार जीते थे.
'To get latest update about Rajasthan elections SMS RJ to 52424 from your mobile . Standard SMS Charges Applicable.'