भाजपा आईटी सेल के अध्यक्ष अमित मालवीय ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और निकोलस बर्न्स की बातचीत को लेकर व्यंगात्मक ट्वीट किया है. अमित मालवीय ने ट्वीट करते हुए कहा है ''ऐसे समय में जबकि प्रधानमंत्री, गृहमंत्री, भाजपा अध्यक्ष और भाजपा के अन्य सीनियर लीडर सभी चुनावी राज्यों में प्रचार करने जा रहे हैं तब राहुल गांधी अमेरिका के प्रोफेसरों के साथ वीडियो कॉल करने में व्यस्त हैं और बचकाने स्टेटमेंट दे रहे हैं. चुनाव हार जाने के बाद वे लोकतंत्र में कमी का हवाला देंगे और लोगों को कोसेंगे.''
आपको बता दें कि कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने हावर्ड कैनेडी स्कूल के एम्बेसडर निकोलस बर्न्स के साथ वर्चुअल बातचीत की है. इस दौरान उन्होंने बीजेपी पर बड़े आरोप लगाए हैं और भारत में हो रहे मसलों पर अमेरिका की चुप्पी पर सवाल खड़े किए हैं.
बर्न्स के साथ बातचीत में राहुल गांधी ने कहा कि भाजपा ने देश की अहम संवैधानिक संस्थाओं को अपने कब्जे में ले लिया है. अगर भारत और अमेरिका के बीच लोकतांत्रिक साझेदारी है तो फिर भारत में घटित हो रही इन घटनाओं पर अमेरिका क्यों नहीं बोलता?
राहुल गांधी ने चुनावों में हो रही विपक्ष की हार पर कहा था कि भाजपा आर्थिक तौर पर भारी मजबूत हुई है और मीडिया पर उसका प्रभुत्व बढ़ा है जिसकी वजह से विपक्षी पार्टियां चुनाव नहीं जीत पा रही हैं. कांग्रेस ही नहीं, बीएसपी, एसपी, एनसीपी जैसी पार्टियां भी चुनाव नहीं जीत पा रही हैं.
राहुल गांधी ने कहा, 'चुनाव लड़ने के लिए संस्थागत ढांचे की जरूरत पड़ती है. यह संस्थाएं एक निष्पक्ष लोकतंत्र के लिए जरूरी होती हैं. लेकिन भारत में इन पर पूरी तरह से बीजेपी हावी है, जिसकी वजह से विपक्षी पार्टियों को जीत नहीं मिल पा रही है.'