देश का दुर्भाग्य कि जब भी कोई रेप की घटना होती है, शर्मनाक बयानों का दौर शुरू हो जाता है. इस बार समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता नरेश अग्रवाल के श्रीमुख से उपदेश झड़ रहे हैं. उन्होंने कहा है कि ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए लड़कियों को कपड़े पहनने के तौर-तरीकों पर भी ध्यान देना चाहिए.
बीजेपी नेता अरुण जेटली ने इशारों में कहा कि पार्टी को प्रधानमंत्री उम्मीदवार के लिए गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम की घोषणा जल्द कर देनी चाहिए. जेटली की मानें तो जनता यूपीए सरकार से त्रस्त हो चुकी है और उसे बीजेपी से बहुत उम्मीदें हैं.
गुजरात के मुख्यमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रुपये की गिरावट को लेकर प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह पर हमला बोलते हुए कहा कि प्रधानमंत्री और घरेलू मुद्रा दोनों ही ‘मौन’ हो गए हैं. मोदी ने सौराष्ट्र इलाके में एक समारोह के दौरान कहा, ‘एक समय था जब भारतीय रुपये शोर मचा रहा था. लेकिन आज उसने अपनी आवाज खो दी है. और इसी तरह से हम अपने प्रधानमंत्री की भी आवाज नहीं सुन पा रहे. दोनों ही मौन हो गए हैं.’
कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने शनिवार को भरोसा जताया कि संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (यूपीए), 2014 के लोकसभा चुनाव में जीत दर्ज करेगा. इसके साथ ही सोनिया ने समय पूर्व चुनाव की संभावना खारिज कर दी.
नाबालिग से रेप के मामले में एक ओर जहां सियासी गलियारों से आध्यात्मिक गुरु आसाराम बापू को समर्थन मिल रहा है वहीं जेडीयू के अध्यक्ष शरद यादव ने कहा है कि आसाराम तमाशाराम और नौटंकीराम हैं. शरद यादव ने कहा, 'आसाराम तमाशा राम और नौटंकी राम हैं. उन्हें तुरंत गिरफ्तार किया जाना चाहिए. जब वो जेल जाएंगे तो सुधर जाएंगे.'
मुंबई में महिला फोटो जर्नलिस्ट के साथ हुए गैंगरेप मामले में पुलिस ने तीसरे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. सिराज रहमान के इस आरोपी को मुंबई से ही गिरफ्तार किया गया है. इस मामले में पांच लोगों पर आरोप लगे हैं, जिनमें से दो आरोपी पहले ही पुलिस की गिरफ्त में हैं, जबकि दो अभी भी फरार हैं.
उत्तर प्रदेश सरकार से इजाजत नहीं मिलने के बावजूद विश्व हिन्दू परिषद (वीएचपी) द्वारा अयोध्या 84 कोसी परिक्रमा निकालने के फैसले पर अटल रहने से अयोध्या और फैजाबाद में तनावपूर्ण शांति है और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए वीएचपी के कई वरिष्ठ नेताओं और 350 से ज्यादा कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया है.
मुंबई में गैंगरेप के बाद समाजवादी पार्टी नेता अबु आजमी ने कहा है कि महिलाओं की आसानी से उपलब्धता बंद हो जानी चाहिए. महिलाओं को पुरुषों की तरह देर रात नहीं घूमना चाहिए. महिलाएं कमजोर होती हैं, तो उन्हें बाहर जाने से पहले सोचना चाहिए कि वे कहां जा रही हैं. अबु आजमी के मुताबिक, 'भारत में कई लोग गांव में रहते हैं, जहां विषमता है. गांव से बड़े शहरों में आए लोगों के लिए उपलब्धता नहीं होती है. इसलिए जब वो महिलाओं को कम कपड़ों में और मेक-अप में देखते हैं, तो इस तरह की घटनाएं हो जाती हैं...'
नाबालिग लड़की के साथ रेप के आरोपों में घिरे आध्यात्मिक गुरु आसाराम शनिवार की शाम 'एकांतवास' के लिए इंदौर पहुंच गए. वहीं मध्यप्रदेश में बीजेपी सरकार के उद्योग मंत्री कैलाश विजयवर्गीय इस विवादास्पद मामले में आसाराम के बचाव में उतर गए हैं.