प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने कहा कि कोयला ब्लाक आवंटन को लेकर कैग की रिपोर्ट में अनियमितताओं के जो आरोप लगाए गए हैं वे तथ्यों पर आधारित नहीं हैं और सरासर बेबुनियाद हैं.
बीजेपी नेता सुषमा स्वराज ने प्रधानमंत्री पर आरोप लगाया है कि वे नीलामी नीति का श्रेय खुद लेना चाहते थें. सुषमा स्वराज ने पत्रकारों से कहा कि 2004 में बीजेपी ने नीलामी नीति बनाई, फिर क्या कारण था कि यह नीति 2012 तक लागू नहीं हो पाई. सुषमा स्वराज ने कहा कि 2006 से 2010 तक हुए सभी 142 कोल खदानों का आवंटन रद्द होना चाहिए.
बीजेपी के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी ने प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह पर यह कहते हुए सोमवार को हमला बोला कि कोयला ब्लॉक आवंटन मामले पर संसद में दिए अपने बयान में उन्होंने सीएजी की आलोचना की. प्रधानमंत्री के बयान पर निराशा जताते हुए आडवाणी ने यहां संवाददाताओं से कहा, "प्रधानमंत्री ने यदि किसी पर हमला किया है तो वह सीएजी है. यह आश्चर्यचकित करने वाला है. उनके इस बयान से हमें निराशा हुई है.
भंग टीम अन्ना की प्रमुख सदस्य किरण बेदी ने सोमवार को कहा कि वह चाहती हैं कि इंडिया अगेंस्ट करप्शन राष्ट्रीय आंदोलन चलाती रहे. उन्होंने संगठन के सदस्यों से कहा कि वे अपने आंदोलनों में सत्तारूढ़ कांग्रेस को निशाना बनाएं.
यह दावा करने के तीन दिन बाद कि जब कोयले का खनन किया ही नहीं गया तो कोयला ब्लॉक आवंटन में फायदा या घाटे का सवाल ही नहीं उठता, केंद्रीय वित्त मंत्री पी. चिदम्बरम ने सोमवार को कहा कि सरकार ने 'शून्य घाटा' शब्द का कभी इस्तेमाल नहीं किया.
बीजेपी नेता अरुण जेटली ने कहा कि जो भी संसद में हुआ, वह संविधान और संवैधानिक संस्था पर हमला था. जेटली ने कहा कि यूपीए ने कोल आवंटन में कोई पारदर्शिता नहीं बरती, किस आधार पर कोयला खदान आवंटित करने के लिए आवेदन को स्वीकार किया गया, यह भी कही नहीं दिखता है.
बीजेपी इन दिनों ‘नया चेहरा कौन’ के द्वंद्व से गुजर रही है. पार्टी एक तरफ जहां कट्टरपंथी विचारधारा के हिमायती गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी को आगे लाने की जुगत में है तो दूसरी ओर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की छवि को राष्ट्रीय स्तर पर चमकाने की कवायद हो रही है.
सुप्रीम कोर्ट ने 2जी स्पेक्ट्रम की नीलामी के लिए समयसीमा बढ़ाने का फैसला किया है. 2जी स्पेक्ट्रम की नीलामी प्रक्रिया 11 जनवरी 2013 को पूरी होगी. पहले 2जी स्पेक्ट्रम की नीलामी प्रक्रिया को खत्म करने के लिए 31 अगस्त तक का समय दिया गया था. वहीं 12 नवंबर 2012 को 2जी स्पेक्ट्रम की नीलामी प्रक्रिया शुरू होगी.
मध्यप्रदेश क्रिकेट संगठन (एमपीसीए) के द्विवार्षिक चुनावों में केंद्रीय वाणिज्य व उद्योग राज्यमंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया खेमे ने प्रदेश की भाजपा सरकार के उद्योग मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के गुट को पटखनी देते हुए अध्यक्ष पद समेत कार्यकारिणी के सभी ओहदों पर कब्जा जमाया.
देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में भी मॉनसून कहर बरपा रहा है. पिछले 18 घंटें में हुई बारिश ने पूरे शहर का चक्का जाम कर दिया है. कई इलाकों में पानी भर गया है. लोगों का घर से निकलना दूभर हो गया है. तेज मॉनसूनी बारिश ने सोमवार को सड़कों को नदियों में तब्दील कर दिया.
एयर होस्टेस गीतिका शर्मा खुदकुशी केस में लगातार नए खुलासे हो रहे हैं. जांच में पता चला है कि मामले में आरोपी गोपाल कांडा से संबंधों को लेकर चर्चा में आई अंकिता ने आठ साल पहले अपना आशियाना साउथ सिटी के रक्षक अपार्टमेंट में बना रखा था. गोपाल कांडा के उसके घर-पर आने-जाने पर किसी को संदेह न हो, इसके लिए वह मिसेज कांडा के नाम पर वहां रहती थी.
सोमवार को मकोका की एक विशेष अदालत के सामने मुंबई की क्राइम ब्रांच ने गैंग्स्टर से नेता बने अरुण गवली और अन्य दोषियों को शिवसेना नेता और निगम पार्षद रहे कमलाकर जामसंदेकर की हत्या मामले में फांसी की सजा देने की अपील की है.
राजधानी दिल्ली में सोमवार शाम को हुई भारी बारिश से राजधानी की सड़के पूरी तरह से जाम हो गई. तकरीबन 3 घंटे हुई भारी बारिश के कारण कई इलाकों में भारी जाम लगा हुआ है, जो लोग जहां हैं वही फंस गए हैं.