प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज तीन राज्यों दौरा करेंगे, जहां वह करोड़ों की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे. पहले पहले पीएम राजस्थान का दौरा करेंगे, जहां वह अजमेर में 14 वर्षीय लड़कियों के लिए राष्ट्रव्यापी ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (HPV) वैक्सीनेशन ड्राइव की शुरुआत करेंगे. इसके बाद पीएम अपने गृह राज्य गुजरात का दौरा करेंगे और अंत में पीएम को चेन्नई का दौरा करेंगे.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीएम मोदी सुबह करीब 11:30 बजे प्रधानमंत्री मोदी राजस्थान के अजमेर में 16,680 करोड़ रुपये से अधिक की कई विकास परियोजनाओं का शुभारंभ, उद्घाटन और आधारशिला रखेंगे, जहां वह एक जनसभा को संबोधित भी करेंगे.
साथ ही पीएम अजमेर में 14 वर्षीय लड़कियों के लिए राष्ट्रव्यापी एचपीवी वैक्सीनेशन अभियान का शुभारंभ करेंगे. ये पहल सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम के लिए एक बड़ा कदम है, जो महिलाओं में कैंसर से संबंधित बीमारियों का प्रमुख कारण है.
करोड़ों लड़कियों की दी जाएगी वैक्सीन
समाचार एजेंसी की माने तो इस कार्यक्रम में सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के प्रतिनिधि वर्चुअल रूप से शामिल होंगे. अभियान के तहत हर साल लगभग 1.15 करोड़ 14 वर्षीय लड़कियों को मुफ्त वैक्सीन दी जाएगी. वैक्सीनेशन सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, जिला अस्पतालों और सरकारी मेडिकल कॉलेजों में किया जाएगा.
PMO द्वारा जारी बयान के अनुसार, पीएम राजस्थान में सड़क संपर्क को बड़ा बढ़ावा देते हुए कई राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे, जिनमें बांदीकुई से जयपुर तक 4-लेन ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे, अमृतसर-जामनगर आर्थिक गलियारे के पैकेज 7 खंड में 6-लेन एक्सेस कंट्रोल्ड ग्रीन हाईवे और दिल्ली-वडोदरा एक्सेस कंट्रोल्ड ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे के पैकेज 14 खंड में 8-लेन कैरिजवे शामिल हैं.
वह जोधपुर शहर में 4-लेन एलिवेटेड रोड और बारां जिले में मालवमोरी-मंगरोल-बारां स्टेट हाईवे सहित अन्य परियोजनाओं की आधारशिला भी रखेंगे. सभी के लिए सुरक्षित और स्वच्छ पेयजल सुनिश्चित करने की सरकार की प्रतिबद्धता के अनुरूप, मोदी नोनेरा प्रमुख पेयजल परियोजना के चार पैकेजों और परवान अकावाद प्रमुख पेयजल परियोजना के पांच पैकेजों की आधारशिला रखेंगे.
राजस्थान में नवीकरणीय ऊर्जा अवसंरचना को मजबूत करने और उत्पादन केंद्रों से निर्बाध पारेषण सुनिश्चित करने के लिए प्रधानमंत्री राजस्थान के नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्रों (आरईजेड) से बिजली निकासी हेतु पारेषण प्रणालियों का उद्घाटन करेंगे. वह पांच 220 केवी ग्रिड सबस्टेशन और दो 400 केवी ग्रिड सबस्टेशन के साथ-साथ संबंधित पारेषण लाइनों की आधारशिला भी रखेंगे. साथ ही रोजगार सृजन और युवा सशक्तिकरण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को आगे बढ़ाते हुए, मोदी राजस्थान में विभिन्न सरकारी विभागों और संगठनों में नव नियुक्त युवाओं को 21,800 से अधिक नियुक्ति पत्र वितरित करेंगे.
माइक्रोन टेक्नोलॉजी का प्लांट का उद्घाटन
प्राप्त जानकारी के अनुसार, वैक्सीनेशन अभियान का शुभारंभ करेंगे के बाद प्रधानमंत्री दोपहर करीब 3:45 बजे गुजरात के सानंद पहुंचेंगे, जहां वह अमेरिकी कंपनी माइक्रोन सेमीकंडक्टर टेक्नोलॉजी इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के सेमीकंडक्टर असेंबली, टेस्ट एंड पैकेजिंग (एटीएमपी) सुविधा का उद्घाटन करेंगे. इस मौके पर वे कार्यक्रम को संबोधित भी करेंगे.
मील का पत्थर साबिज होगी परियोजना
प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) द्वारा जारी आधिकारिक प्रेस रिलीज के अनुसार, ये उद्घाटन भारत की सेमीकंडक्टर विनिर्माण यात्रा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है. सानंद एटीएमपी सुविधा से भारत में बने पहले सेमीकंडक्टर मेमोरी मॉड्यूल्स का वाणिज्यिक उत्पादन और शिपमेंट शुरू हो जाएगा. ये विकास वैश्विक सेमीकंडक्टर मूल्य श्रृंखला में भारत की स्थिति को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम है.
बता दें कि सितंबर 2023 में भूमिपूजन के बाद सरकार ने रिकॉर्ड समय में इस परियोजना को पूरा किया है और ये इंडिया सेमीकंडक्टर मिशन (आईएसएम) के तहत स्वीकृत होने वाला पहला प्रस्ताव था.
कुल 22,516 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली इस परियोजना का निर्माण मंजूरी के तुरंत बाद शुरू हो गया था जो सरकार की रणनीतिक सेमीकंडक्टर निवेशों को तेजी से लागू करने की प्रतिबद्धता को दिखाता है.
माइक्रोन का ये प्लांट पूरी तरह तैयार होने पर लगभग 5,00,000 वर्ग फुट के क्लीनरूम स्पेस वाला दुनिया का सबसे बड़ा रेज्ड-फ्लोर क्लीनरूम होगा. आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और हाई-परफॉरमेंस कंप्यूटिंग के बढ़ते दौर में ये सुविधा वैश्विक मांग को पूरा करेगी. यह प्रोजेक्ट न केवल तकनीक के क्षेत्र में आत्मनिर्भरता का प्रतीक है, बल्कि भारत को सेमीकंडक्टर निर्माण के लिए एक प्रतिस्पर्धी और विश्वसनीय गंतव्य के रूप में स्थापित करता है.