Subrahmanyam Jaishankar बजट सत्र का दूसरा हाफ आज से शुरू हो रहा है. दूसरे हाफ के पहले दिन स्पीकर ओम बिरला को पद से हटाने का प्रस्ताव आएगा. वहीं, ईरान में जारी जंग को लेकर विदेश मंत्री एस जयशंकर ने राज्यसभा में बयान दिया. विदेश मंत्री जयशंकर ने राज्यसभा में कहा कि हम ऊर्जा जरूरतों को लेकर सतर्क हैं और खाड़ी देशों में रहने वाले हर एक भारतीय की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध हैं.
विदेश मंत्री ने बातचीत और शांति को भारत का स्टैंड बताया और कहा कि ईरान के तीन जहाज हिंद महासागर में थे. हमने एक को ईरान के निवेदन पर शरण दी. उन्होंने यह भी कहा कि दूतावास भारतीय नागरिकों के संपर्क में हैं. वहीं, लोकसभा में आज की कार्यवाही के लिए सत्ताधारी राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) की अगुवाई कर रही भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) और विपक्षी इंडिया ब्लॉक की अगुवा कांग्रेस, दोनों ही दलों ने अपने सांसदों को तीन लाइन का व्हिप जारी कर लोकसभा में मौजूद रहने को कहा है.
कांग्रेस के मनिक्कम टैगोर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू पर हमला बोला है. मनिक्कम ने रिजिजू पर हमला बोलते हुए कहा कि इतना गैर जिम्मेदार संसदीय कार्य मंत्री कभी नहीं देखा. संसदीय कार्य मंत्री के रूप में आप कभी नहीं चाहते कि सदन में विपक्ष की बात सुनी जाए. आप सिर्फ टिकटॉक वीडियो बनाना चाहते हैं और सोचते हैं कि वही काफी है. पश्चिम एशिया जल रहा है और अचानक आप एक मंत्री का बयान एजेंडे में शामिल कर देते हैं. विपक्ष उसी मुद्दे पर चर्चा चाहता है. चर्चा कराने से आप क्यों डर रहे हैं?
स्पीकर ओम बिरला को हटाने के प्रस्ताव पर कल चर्चा की शुरुआत हो सकती है. इस प्रस्ताव पर बीजेपी की ओर से संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू पहले वक्ता होंगे. बीजेपी की ओर से रविशंकर प्रसाद, निशिकांत दुबे, तेजस्वी सूर्या, जगदंबिका पाल, अनुराग ठाकुर, भर्तृहरि महताब और अमित शाह आख़िर में बोलेंगे.
जगदंबिका पाल ने कहा कि मैं डॉक्टर मोहम्मद जावेद को प्रस्ताव मूव करने की अनुमति देना चाहता हूं. ये मूव नहीं कर रहे. आप मूव करिए ना, क्यों नहीं मूव कर रहे. 20 दिन से स्पीकर आ नहीं रहे. ये गैरजिम्मेदाराना व्यवहार है. उन्होंने डॉक्टर मोहम्मद जावेद से पूछा कि क्या आप प्रस्ताव मूव कर रहे हैं? जगदंबिका पाल ने कहा कि जनता देख रही है कि चेयर सदन चलाना चाहता है, सरकार चलाना चाहती है, लेकिन आप नहीं चलने देना चाहते. आप सदन को बंधक बनाना चाहते हैं. हर मिनट ढाई लाख रुपये खर्च हो रहे हैं. हर दिन नौ करोड़ रुपये खर्च हो रहे हैं. ये जनता का पैसा है. हंगामा नहीं थमा, तब पीठासीन ने कार्यवाही मंगलवार, 10 मार्च को दिन में 11 बजे तक के लिए स्थगित करने की घोषणा कर दी.
लोकसभा की कार्यवाही फिर से शुरू हो गई है. चेयर पर जगदंबिका पाल आए हैं. पीठासीन ने नियम 377 के तहत जिन सदस्यों को मुद्दे उठाने की अनुमति दी गई है, उनसे 20 मिनट के भीतर अपने भाषण का अनुमोदित पाठ सभा पटल पर रख दें. डॉक्टर मोहम्मद जावेद ने ईरान युद्ध का मुद्दा उठाया और कहा कि महत्वपूर्ण विषय है. इस पर संक्षिप्त चर्चा होनी चाहिए. इस पर पीठासीन जगदंबिका पाल ने कहा कि आपने 20 दिन पहले नोटिस दिया था स्पीकर को हटाने के लिए, लाइए प्रस्ताव. हम चर्चा के लिए तैयार हैं. आपकी प्राथमिकता क्या है. आप लाइए प्रस्ताव, सदन चर्चा के लिए तैयार है. सदन नियमों से चलेगा.
विदेश मंत्री एस जयशंकर ने संसद भवन परिसर में नेशनल सिक्योरिटी एडवाइजर (एनएस) अजित डोवाल और चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ अनिल चौहान के साथ मीटिंग की. विदेश मंत्री और एनएसए के साथ मीटिंग में पश्चिम एशिया के हालात पर चर्चा की.
(इनपुट- हिमांशु मिश्रा)
लोकसभा सचिवालय ने एक आरटीआई का जवाब देते हुए बताया कि मौजूदा लोकसभा में दो सांसदों ने अपना वेतन नहीं लेने का फैसला किया है. इनमें से एक ने तो भत्ते और अन्य सुविधाएं भी त्याग दी हैं.
विपक्षी दलों की डिमांड है कि ईरान जंग, एनर्जी सिक्योरिटी और भारतीयों की सुरक्षा जैसे मसलों पर संसद में संक्षिप्त चर्चा हो. सरकार ने विपक्ष की यह डिमांड ठुकरा दी है. सरकार के सूत्रों की मानें तो विदेश मंत्री एस जयशंकर दोनों सदनों में इसे लेकर बयान दे चुके हैं. ऐसे में इस विषय पर संक्षिप्त चर्चा की कोई जरूरत नहीं है. सूत्रों का यह भी कहना है कि स्पीकर ओम बिरला को हटाने के प्रस्ताव पर चर्चा 10 मार्च को 12 बजे से शुरू हो सकती है.
(इनपुट- पीयूष मिश्रा)
लोकसभा में एक मौका ऐसा आया, जब ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन के प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी रूल बुक लेकर खड़े हो गए. लोकसभा में जोरदार हंगामा हुआ. चेयर पर तब जगदंबिका पाल थे.
राज्यसभा में पर्यावरण मंत्रालय की अनुदान मांगों पर चर्चा शुरू हो गई है. भोजनावकाश के बाद पर्यावरण और जलवायु मंत्रालय के कामकाज पर चर्चा की शुरुआत राजस्थान से बीजेपी के सांसद घनश्याम तिवाड़ी ने की है. घनश्याम तिवाड़ी ने कहा कि पर्यावरण की स्वच्छता के साथ साथ हमें राजनीतिक प्रदूषण दूर करने पर भी ध्यान देने की जरूरत है. उन्होंने पहले पृथ्वी सम्मेलन का भी उल्लेख किया और कहा कि तब भारत से पीवी नरसिम्हाराव गए थे. वहां उन्होंने मंत्र पढ़ा था- पृथ्वीः शांति... घनश्याम तिवाड़ी ने रामसर वेटलैंड के विकास का उल्लेख किया और इंदौर, उदयपुर को रामसर वेटलैंड सिटी घोषित कर दिया सरकार ने.
राज्यसभा में शून्यकाल के बाद प्रश्नकाल की कार्यवाही चली. प्रश्नकाल के दौरान संजय सेठ ने 9 फरवरी को दिए एक सवाल का जवाब करेक्ट किया. इसके बाद सभापति सीपी राधाकृष्णन ने सदन की कार्यवाही दो बजे तक स्थगित करने की घोषणा कर दी.
पीठासीन जगदंबिका पाल ने वेल में हंगामा कर रहे विपक्षी सदस्यों को हिदायत देते हुए कहा कि क्या आप अपने आज के एजेंडे पर नहीं बोलना चाहते हैं. आप जितना विस्तार से बोलना चाहेंगे, बोलेंगे. विपक्ष का जोरदार हंगामा जारी रहा. इसके बाद पीठासीन ने सदन की कार्यवाही 3 बजे तक के लिए स्थगित करने की घोषणा कर दी.
राज्यसभा में विदेश मंत्री एस जयशंकर ने पश्चिम एशिया हालात पर चिंता जताई है. उन्होंने कहा कि मिडिल ईस्ट में मौजूद भारतीयों की मदद की जा रही है.
यह भी पढ़ें: 'ईरान के 3 जहाज हिंद महासागर में थे, एक को हमने शरण दी...', राज्यसभा में बोले विदेश मंत्री जयशंकर
विदेश मंत्री के बयान के दौरान राज्यसभा से वॉकआउट कर गए विपक्षी सदस्य सदन में लौट आए हैं. प्रश्नकाल के दौरान विपक्षी सदस्य जोरदार हंगामा कर रहे हैं. विपक्ष के हंगामे के बीच राज्यसभा के सभापति सीपी राधाकृष्णन ने कार्यवाही जारी रखी है. सभापति ने विपक्ष के सदस्यों से शांतिपूर्वक सदन चलने देने की अपील की.
विदेश मंत्री एस जयशंकर ईरान जंग पर लोकसभा में बयान दे रहे हैं. विपक्षी सदस्य वेल में आकर जोरदार हंगामा शुरू कर दिया. जोरदार हंगामे और नारेबाजी के बीच विदेश मंत्री लोकसभा में बयान दे रहे हैं.
संसद के दोनों सदनों, राज्यसभा और लोकसभा में टी-20 वर्ल्ड कप जीतने पर भारतीय क्रिकेट टीम को बधाई दी गई. राज्यसभा में शून्यकाल की कार्यवाही के दौरान चेयरमैन सीपी राधाकृष्णन ने भारतीय टीम को बधाई दी. वहीं, लोकसभा में भी 12 बजे जब कार्यवाही शुरू हुई, तब पीठासीन जगदंबिका पाल ने भारतीय टीम को बधाई दी.
लोकसभा की कार्यवाही फिर से शुरू हो गई है. लोकसभा में कार्यवाही शुरू होने पर आसन पर जगदंबिका पाल आए हैं. वहीं, राज्यसभा में प्रश्नकाल की कार्यवाही शुरू हो गई है.
गुजरात से बीजेपी के राज्यसभा सांसद गोविंदभाई लालजी भाई ढोलकिया ने रतन टाटा को भारत रत्न देने की मांग की. उन्होंने कहा कि रतन टाटा ने अपनी संपत्ति का बड़ा हिस्सा कैंसर रोगियों के लिए दिया. अपनी कार का सपना हो या नए स्टार्टअप को प्रोत्साहन हो, वे हमेशा आगे रहे. रतन टाटा ने हमेशा देश प्रथम को जिया. उनको भारत रत्न दिया जाना युवा पीढ़ी के लिए भी मार्गदर्शक है.
विदेश मंत्री एस जयशंकर के राज्यसभा में बयान के दौरान विपक्षी सदस्य हंगामा करते हुए वॉकआउट कर गए. इस पर नेता सदन जेपी नड्डा ने जमकर हमला बोला. जेपी नड्डा ने विपक्ष के व्यवहार की निंदा की और इसे गैर जिम्मेदाराना बताते हुए कहा कि विदेश मंत्री सभी मुद्दों पर विस्तार से बयान देने वाले हैं, यह जानते हुए भी विपक्ष के नेता ने एक-एक बातें गिनानी शुरू कर दी. विपक्ष के नेता शॉर्ट डिस्कशन की डिमांड कर रहे थे और सच तो यह है कि इनका भरोसा डिबेट में है ही नहीं. जब तक मोदी जी हैं, इनको वहीं बैठना है.
विदेश मंत्री ने सदन में कहा कि ईरान में भारतीय छात्रों को दूतावास से मदद मिली. ईरान से लोगों को अर्मेनिया के रास्ते निकाला गया. भारतीयों की मदद के लिए प्रतिबद्ध हैं और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सऊदी अरब और कतर के नेतृत्व से बात की है. मैंने ईरान के विदेश मंत्री से 28 फरवरी और पांच मार्च को बात की है. विदेश मंत्री ने कहा कि ईरान के तीन जहाज हिंद महासागर में थे. हमने एक जहाज को ईरान के निवेदन पर डॉकिंग की परमिशन दी, शरण दी. इसके लिए ईरान ने धन्यवाद भी कहा है. ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने के लिए हम सतर्क हैं. विदेश मंत्री ने यह भी कहा कि भारत शांति के समर्थन में है. हम नागरिकों की सुरक्षा के पक्ष में हैं.
विदेश मंत्री एस जयशंकर ईरान जंग पर राज्यसभा में बयान दे रहे हैं. जयशंकर ने सदन में यह जानकारी दी कि भारत इलाके में सॉवरेनिटी का समर्थक है और हमारा मत है कि किसी भी समस्या का समाधान बातचीत के जरिये तलाशा जाना चाहिए. उन्होंने कहा कि गल्फ रीजन में एक करोड़ भारतीय रहते हैं और इनकी सुरक्षा को लेकर सीसीएस की बैठक में भी चिंता जताई गई. विदेश मंत्री ने इस युद्ध में मारे गए लोगों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि भारतीयों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध हैं. हम भारतीयों के संपर्क में हैं. उन्होंने यह भी कहा कि हमने जनवरी में ही अपने नागरिकों को आगाह किया था और कहा था कि जितनी जल्दी हो, स्वदेश लौट आएं. हमारे दूतावास ने भी एडवाइजरी जारी की थी. विदेश मंत्री ने कहा कि भारत अपनी ऊर्जा जरूरूतों के प्रति सतर्क है. सप्लाई चेन प्रभावित हुई है.
राज्यसभा में विदेश मंत्री एस जयशंकर ईरान जंग को लेकर भारत के स्टैंड पर बयान दे रहे हैं. विदेश मंत्री ने जैसे ही बोलना शुरू किया, विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे खड़े हुए और एनर्जी सिक्योरिटी मुद्दे पर संक्षिप्त चर्चा की डिमांड करते हुए कहा कि इसका असर भारत पर भी पड़ रहा है. भारत अपनी ऊर्जा जरूरतों का 55 फीसदी हिस्सा पश्चिमी एशिया से आयात के जरिये पूरी करता है. उस रीजन में भारत के करीब एक करोड़़ लोग काम करते हैं. हाल ही में कुछ घटनाओं में कुछ भारतीय मारे गए हैं या लापता हैं. घरेलू गैस की कीमतों में 60 रुपये की वृद्धि हुई है. उन्होंने कहा कि 176 की क्या जरूरत है, वही बताते हुए मैं पॉइंट्स आपके सामने रख रहा हूं.
लोकसभा की कार्यवाही 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई है.
लोकसभा की कार्यवाही शुरू होते ही चेयर पर आए एनके प्रेमचंद्रन ने सदन को वर्तमान लोकसभा के सदस्य मेघालय के शिलांग से सांसद डॉक्टर रिकी एंड्रू और चार पूर्व सदस्यों के निधन की जानकारी दी. दिवंगत सदस्यों को श्रद्धांजलि दी गई.
लोकसभा में आज विपक्ष स्पीकर ओम बिरला को पद से हटाने के लिए अविश्वास प्रस्ताव लाएगा. इसे लेकर पहले हाफ की कार्यवाही के दौरान ही विपक्षी दलों की ओर से नोटिस दिया गया था. अविश्वास प्रस्ताव को देखते हुए बीजेपी और कांग्रेस, दोनों ही प्रमुख दलों ने अपने सांसदों को तीन लाइन का व्हिप जारी कर सदन में मौजूद रहने को कहा है.
यह भी पढ़ें: 'शानदार लोकसभा स्पीकर...', पीएम मोदी ने अविश्वास प्रस्ताव से पहले ओम बिरला की जमकर की तारीफ