scorecardresearch
 

'संयम बरतें, नागरिकों को दें प्राथमिकता', भारत की मिडिल ईस्ट में तनाव कम करने की अपील

ईरान पर हमले के बाद पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव को लेकर भारत ने गहरी चिंता जताई है. विदेश मंत्रालय ने सभी पक्षों से संयम बरतने की अपील की है. भारत सरकार ने विभिन्न खाड़ी देशों में रहने वाले अपने नागरिकों के लिए एडवाइजरी जारी की है.

Advertisement
X
अमेरिका और ईरान ने संयुक्त सैन्य अभियान में ईरान पर हमले किए, जिससे मध्य पूर्व में एक व्यापक क्षेत्रीय संघर्ष शुरू हो गया. (Photo: Reuters)
अमेरिका और ईरान ने संयुक्त सैन्य अभियान में ईरान पर हमले किए, जिससे मध्य पूर्व में एक व्यापक क्षेत्रीय संघर्ष शुरू हो गया. (Photo: Reuters)

ईरान पर अमेरिका और इजरायल के हमले के बाद पश्चिम एशिया में तेजी से बदलते हालात को लेकर भारत ने गहरी चिंता जताई है. विदेश मंत्रालय (MEA) ने शनिवार को कहा कि भारत हालिया घटनाक्रम और उनके क्षेत्रीय शांति व स्थिरता पर पड़ने वाले प्रभावों पर करीबी नजर बनाए हुए है. भारत ने सभी पक्षों से संयम बरतने, तनाव बढ़ाने वाले कदमों से बचने और आम नागरिकों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने की अपील की है. 

विदेश मंत्रालय ने अपने बयान में कहा, 'ईरान और खाड़ी क्षेत्र में हालिया घटनाओं को लेकर भारत गहरी चिंता व्यक्त करता है. हम सभी पक्षों से संयम बरतने, किसी भी तरह के उकसावे से बचने और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने का आग्रह करते हैं. हमारा मानना है कि तनाव कम करने का एकमात्र प्रभावी रास्ता संवाद और कूटनीति है.' भारत ने कहा है कि सभी देशों की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता का सम्मान होना चाहिए. साथ ही इस घटनाक्रम में शामिल सभी पक्षों से अंतरराष्ट्रीय कानूनों और यूएन चार्टर के पालन की अपील की है. 

इससे पहले शनिवार को अमेरिका और इजरायल ने ईरान पर संयुक्त हमले किए, जिससे मध्य पूर्व में तनाव और बढ़ गया. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी बड़े सैन्य अभियान की पुष्टि की, जबकि ईरान के कई इलाकों में धमाकों की खबरें आईं. इजरायल ने इस कार्रवाई के पीछे का मकसद ईरान को परमाणु हथियार बनाने से रोकना बताया. प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा कि इस लक्ष्य को पूरा करने में जितना भी वक्त लगे, तब तक ये सैन्य कार्रवाई जारी रहेगी.

Advertisement

यह भी पढ़ें: मिडिल ईस्ट में महायुद्ध... 87 बच्चियों की मौत, ईरान और US-इजरायल की जंग में अब तक क्या हुआ? जानें सबकुछ

भारतीयों के लिए जारी हुई एडवाइजरी

खाड़ी देशों में बड़ी संख्या में भारतीय प्रवासी रहते हैं. पश्चिम एशिया के साथ मजबूत आर्थिक व ऊर्जा संबंधों को देखते हुए विदेश मंत्रालय ने कहा कि भारतीय नागरिकों की सुरक्षा और कल्याण भारत सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है. ईरान पर हमलों के बाद भारत ने ईरान, इजरायल और कई खाड़ी देशों में रह रहे भारतीयों के लिए नई एडवाइजरी जारी की है. कतर, सऊदी अरब, यूएई और कुवैत में भारतीय मिशनों ने नागरिकों से सतर्क रहने, स्थानीय प्रशासन की सूचनाओं पर नजर रखने और सभी सुरक्षा निर्देशों का पालन करने को कहा है.

दोहा, जेद्दा और अबू धाबी स्थित दूतावासों ने 24×7 हेल्पलाइन और ईमेल हेल्प लाइन सक्रिय कर दी हैं. इजरायल में तेल अवीव स्थित भारतीय दूतावास ने नागरिकों को अत्यधिक सतर्कता बरतने, शेल्टर के पास रहने, सुरक्षित स्थानों से परिचित होने और गैर-जरूरी यात्रा से बचने की सलाह दी है.

यह भी पढ़ें: 'हम युद्ध और शांति दोनों के लिए तैयार', अमेरिकी हमलों से कुछ दिन पहले आजतक से बोले थे ईरानी मंत्री

खाड़ी देशों के लिए की उड़ानें निलंबित

Advertisement

तनाव बढ़ने और एयरस्पेस बंद होने के चलते भारत की प्रमुख एयरलाइंस एअर इंडिया और इंडिगो ने मध्य पूर्व के कई देशों के लिए उड़ानें निलंबित कर दी हैं. इंडिगो ने कहा कि ईरान और क्षेत्रीय एयरस्पेस से जुड़ी पाबंदियों के कारण शनिवार रात 12 बजे तक सभी उड़ानें रद्द रहेंगी. स्पाइसजेट ने भी दुबई एयरस्पेस बंद होने से कुछ सेवाओं पर असर पड़ने का अलर्ट जारी किया है. दिल्ली एयरपोर्ट ने पश्चिम एशिया की अंतरराष्ट्रीय उड़ानों में देरी या व्यवधान की आशंका जताई है. वैश्विक स्तर पर भी कई एयरलाइंस ने खाड़ी देशों के लिए अपनी सेवाएं रोक दी हैं.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement