रावण दहन से पहले संबोधित करते पीएम मोदी रावण, मेघनाद और कुभकर्ण के पुतले यानी बुराई के प्रतीक मंगलवार को धू-धूकर जल उठे. पीएम मोदी ने द्वारका रामलीला मैदान में रावण दहन किया. वहीं मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल लाल किला मैदान में आयोजित लवकुश रामलीला में पहुंचे थे. यहां अभिनेत्री कंगना रनौत भी अतिथि के तौर पर शामिल हुई थीं. उन्होंने रावण का पुतला दहन किया.
सीएम अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली की लवकुश रामलीला में कुम्भकरण और मेघनाथ के पुतले का दहन किया. इस कार्यक्रम में कंगना रनौत ने रावण के पुतले को आग लगाई थी. यहां सीएम केजरीवाल ने कहा कि भगवान राम के जीवन से बहुत कुछ सीखने को मिलता है. जब भगवान राम का अगले दिन राज्याभिषेक होने वाला था, उससे एक दिन पहले शाम माता कैकेयी ने महाराज दशरथ से राम के वनवास का वचन मांगा. अगर राम कहते थे कि मैं नहीं जाता कल राजा बनूंगा तो जनता उनका साथ देती लेकिन वे मुस्कुराते हुए वनवास को चले गए.

हिंदू धर्म में जो राम राज्य की परिकल्पना है वो राम राज्य तो बहुत ऊंची है, लेकिन उनसे सीखकर हम जितना कर सकें, काम कर रहे हैं. कोई भूखा न सोए, सबको अच्छी शिक्षा मिले, बीमार को इलाज मिले, ऐसी कोशिश रहती है. राम राज्य से प्रेरणा लेकर कोशिश कर रहे हैं. मैं आपके बेटे आपके भाई की तरह आपकी समस्या के समाधान कि कोशिश करता हूं. कोई कमी रह जाए तो उसके लिए माफ़ी. हमारी दिल्ली हमारा देश तरक्की करे ऐसी प्रार्थना है. (इनपुट- पंकज जैन)
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत के भाग्य का उदय होने जा रहा है. ऐसे समय में भारत को सतर्क रहना ज्यादा जरूरी है. पीएम ने अपील की कि रावण के दहन के रूप में बस एक पुतले का दहन ना करें, हर उस बुराई को समाप्त करें जो देश के सौहार्द को तोड़ती है.
पीएम मोदी ने इस दौरान कहा कि विजयादशमी भगवान राम की वापसी के समान है. भारत में शगुन हो रहे हैं, हम चांद पर पहुंच गए, हम दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने वाले हैं, नया संसद भवन बन गया है, महिला आरक्षण विधेयक पारित हो गया है. और इस समय पूरी दुनिया लोकतंत्र की जननी को देख रही है.
इस दौरान पीएम मोदी ने अयोध्या में बन रहे राम मंदिर का भी जिक्र किया. पीएम ने कहा कि सदियों का इंतजार खत्म हो रहा है. राम मंदिर का निर्माण हमारी जीत जैसा है. भगवान राम आने ही वाले हैं. प्रधानमंत्री ने 'भय प्रकट कृपाला' का उल्लेख भी किया.
पीएम ने कहा कि हमारी शक्ति पूजा पूरे विश्व की समृद्धि के लिए है. हम गीता का ज्ञान जानते हैं और यह भी जानते हैं कि आईएनएस विक्रांत और तेजस का निर्माण कैसे किया गया. हम भगवान राम की मर्यादा को जानते हैं और अपनी सीमाओं की रक्षा करना भी जानते हैं.
पीएम मोदी ने कहा कि यह अत्याचारी रावण पर भगवान राम की विजय का पर्व है. हम विजय दशमी का जश्न मना रहे हैं, जब हमने चंद्रमा की जीत के दो महीने पूरे किए. विजयादशमी पर शस्त्र पूजा का रिवाज है, हम रक्षा के लिए शस्त्र पूजा करते हैं, आक्रमण के लिए नहीं.
द्वारका रामलीला ग्राउंड में पहुंचे पीएम मोदी ने कहा कि ये पर्व हमारे लिए संकल्प को दोहराने का मौका है. ये आवेश पर धैर्य की विजय का पर्व है. ये अहंकार पर विजय का पर्व है.
दिल्ली के नव श्री रामलीला में सोनिया गांधी पहुंचीं हैं.
लाल किला मैदान में लवकुश रामलीला द्वारा आयोजित विजय दशमी कार्यक्रम में पुतलों पर लगाए गए पोस्टर हटा दिए गए हैं. दरअसल, यहां पुतलों पर सनातन धर्म का विरोध करने वालों के खिलाफ पोस्ट लगाए गए थे. इन्हें हटा दिया गया है.
पीएम मोदी ने द्वारका ग्राउंड में राम-सीता और लक्ष्मण की आरती की. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग शामिल होने पहुंचे हैं. पीएम मोदी कुछ ही देर में रावण दहन करेंगे.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दिल्ली के द्वारका रामलीला मैदान पहुंचे हैं. यहां वह रावण दहन करेंगे. इस कार्यक्रम में रावण, कुंभकरण और मेघनाथ के अलावा एक और पुतला बनाया गया है. ये पुतला महिलाओं के खिलाफ होने वाले अपराधों के विरोध में बनाया गया है.
पटना के गांधी मैदान में रावण का पुतला दहन हो गया है. कार्यक्रम में सीएम नीतीश कुमार बतौर चीफ गेस्ट पहुंचे थे. इसी के साथ बुराई पर अच्छाई की जीत हुई है.
अहमदाबाद शहर में 10 जगह पर रावण दहन का विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया है. सबसे बड़े 60 फुट के रावण दहन का कार्यक्रम साबरमती स्थित रेलवे कॉलोनी मैदान में किया जाएगा. वहीं गुजरात में 50 से अधिक जगहों पर रावण दहन का कार्यक्रम आयोजित होगा. अहमदाबाद में साबरमती के अलावा नागरबेल हनुमान, हरे कृष्ण मंदिर भाडज में 50 फिट का रावण तो इस्कॉन मंदिर में 35 फिट के रावण के पुतले का दहन किया जाएगा.
दिल्ली के लाल किला ग्राउंड में में लवकुश रामलीला द्वारा सनातन धर्म के विरोधियों का पुतला भी बनाया गया है. यहां लोग जुटने लगे हैं. कार्यक्रम में अरविंद केजरीवाल, उपराज्यपाल वीके सक्सेना और कंगना रनौत बतौर चीफ गेस्ट पहुंचेंगे.

रावण दहन में हरियाणा का पंचकुला इस बार रिकार्ड बनाने का जा रहा है. पंचकुला के शालीमार गार्डन में 171 फीट लंबे रावण के पुतले को दहन करने की तैयारी है. आयोजकों का दावा है कि ये दुनिया का सबसे ऊंचा रावण का पुतला है.वहीं देहरादून के परेड ग्राउंड पर इस बार 131 फीट के रावण के पुतले को जलाया जाएगा.
पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में हर साल की तरह इस बार भी रावण दहन की पूरी तैयारी है. 70 फीट का रावण 65 फीट का मेघनाथ और 60 फीट का कुंभकर्ण का पुतला तैयार है. समारोह का उद्घाटन बिहार के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आलेरकर करेंगे जबकि रावण दहन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार करेंगे.
आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव गांधी मैदान पहुंचे. वह अपने बड़े बेटे और मंत्री तेजप्रताप यादव भी साथ यहां पहुंचे हैं. पटना के गांधी मैदान में रावण दहन कार्यक्रम का आयोजन हो रहा है.