scorecardresearch
 

गर्मी पर ब्रेक! दिल्ली-NCR समेत इन राज्यों में आंधी-बारिश का अलर्ट, पहाड़ों पर बर्फबारी जारी

मौसम विभाग ने दिल्ली-NCR, पूर्वोत्तर भारत, पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र, राजस्थान, दक्षिण और तटीय राज्यों में आंधी-बारिश और बर्फबारी का अलर्ट जारी किया है.

Advertisement
X
मौसम ने मार्च में ली करवट!
मौसम ने मार्च में ली करवट!

दिल्ली-NCR और कई राज्यों को मार्च में पड़ रही आफत की गर्मी से राहत मिलती नजर आ रही है. मौसम विभाग ने आज से अगले कुछ दिनों तक आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया है. इससे तापमान में गिरावट के साथ-साथ कई क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी देखने को मिलेगी. आइये जानते हैं, देशभर के मौसम का हाल.

पूर्वोत्तर भारत में मौसम का हाल

पूर्वोत्तर भारत के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश और कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है. इससे किसानों और स्थानीय लोगों को खेती और जल संचयन के लिए राहत मिल सकती है.

पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में बर्फबारी

जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 20 मार्च तक बारिश और बर्फबारी जारी रहने की संभावना है. 20 मार्च को इन क्षेत्रों के ऊंचाई वाले हिस्सों में भारी बारिश और बर्फबारी हो सकती है, जिससे तापमान में और गिरावट आएगी. पर्वतीय इलाकों में सफर करने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है.

राजस्थान और उत्तर भारत में आंधी-बारिश

18 मार्च को राजस्थान के कुछ हिस्सों में धूल भरी आंधी, गरज-चमक और बारिश की संभावना है. वहीं दिल्ली और इसके आसपास के इलाकों में भी आज से आंधी बारिश का सिलसिला शुरू होने वाला है, जो अगले 2 दिन यानी 20 मार्च तक जारी रहने की संभावना है.

Advertisement

दक्षिण और तटीय राज्यों में हल्की बारिश

ओडिशा, आंध्र प्रदेश, केरल, कर्नाटक, कोंकण-गोवा और अंडमान-निकोबार में हल्की बारिश और गरज-चमक हो सकती है. मौसम विभाग ने इन राज्यों के लोगों को बारिश और तेज हवाओं के प्रति सतर्क रहने की चेतावनी दी है.

मध्य और पश्चिम भारत में भी बरसात

18 मार्च को ओडिशा, छत्तीसगढ़, विदर्भ, मराठवाड़ा, दक्षिण मध्य महाराष्ट्र, दक्षिण कर्नाटक और तेलंगाना में कहीं-कहीं बारिश और गरज-चमक की संभावना जताई गई है. किसानों के लिए यह समय फसल और सिंचाई के लिहाज से महत्वपूर्ण है. मौसम विशेषज्ञों ने कहा है कि इस बदलाव के कारण तापमान में गिरावट आएगी और कई इलाकों में धूप कम रहेगी. 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement