भारत के कई इलाकों में बारिश के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, लोग भीषण गर्मी से राहत महसूस कर रहे हैं. पंजाब के पठानकोट में सुबह मौसम ने अचानक करवट ली, तेज हवाओं के साथ बारिश और ओलावृष्टि हुई. दिल्ली‑एनसीआर में भी तापमान में कमी आई है. मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है.
मौसम पूर्वानुमान एजेंसी स्काईमेट वेदर के अनुसार, 31 मई 2026 तक दिल्ली-एनसीआर में प्री-मानसून गतिविधियां तेज बनी रहने की संभावना है. इस दौरान कई इलाकों में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चल सकती हैं. मौसम का सबसे अधिक असर 30 मई को देखने को मिल सकता है, कुछ क्षेत्रों में ओलावृष्टि की आशंका भी जताई गई है.
बारिश और तेज हवाओं के चलते अगले कुछ दिनों तक दिल्ली-एनसीआर में गर्मी का असर काफी हद तक कम रहेगा. इस दौरान अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रह सकता है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी और लू से राहत मिलेगी.
हालांकि, 1 जून के बाद तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी शुरू होने के संकेत हैं और अगले हफ्ते मध्य तक पारा 40 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक पहुंच सकता है.
यह भी पढ़ें: बिहार में झमाझम बारिश... मौसम विभाग की भी आई चेतावनी, रेड अलर्ट जारी
यूपी में कई जिलों में मौसम का कहर
उत्तर प्रदेश में मौसम ने अचानक करवट लेते हुए कई जिलों में भारी तबाही मचा दी. तेज आंधी, मूसलाधार बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की घटनाओं से जनजीवन प्रभावित हुआ.
कई स्थानों पर पेड़ उखड़ गए, बिजली आपूर्ति बाधित हो गई और जान-माल का नुकसान भी हुआ. इसके बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस घटना को लेकर दुख व्यक्त किया है. उन्होंने अधिकारियों को तुरंत राहत कार्य तेज करने के निर्देश दिए.
बता दें, भारत मौसम विज्ञान विभाग ने 30 मई को जम्मू‑कश्मीर और उत्तराखंड में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है. वहीं, 31 मई को उत्तर प्रदेश में भी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. पंजाब और हरियाणा में भी बारिश देखने को मिल सकती है.