मणिपुर में पिछले करीब 1 साल से हिंसा का दौर जारी है. इसी बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है. इसे कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के X (पहले ट्विटर) हैंडल से भी शेयर किया गया है. साथ ही ये दावा किया गया है कि वीडियो में जो रेसलर दिखाई दे रहे हैं, वह मणिपुर के रहने वाले चुंगरेंग कोरेन (Chungreng Koren) हैं. उन्होंने मैट्रिक्स फाइट नाइट (MFN) में एक फाइट जीतने के बाद पीएम मोदी से भावुक अपील की है. कोरेन कह रहे हैं कि 'मोदीजी मणिपुर में हिंसा हो रही है. प्लीज एक बार मणिपुर में विजिट कर लें.' हालांकि आजतक इस वीडियो की पुष्टि नहीं करता है.
कांग्रेस ने इस वीडियो को शेयर करते हुए लिखा कि रेसलर Chungreng Koren कह रहे हैं कि मणिपुर में हिंसा हो रही है. हर दिन लोग मर रहे हैं. लोग कैम्प में रहने को मज़बूर हैं. खाना नहीं मिल रहा. बच्चों की पढ़ाई नहीं हो पा रही. मोदी जी, एक बार तो मणिपुर आ जाइए. कांग्रेस ने कहा कि काश PM मोदी मणिपुर का दर्द समझ पाते. काश वो मणिपुर जाते. कांग्रेस नेता श्रीनिवास ने X पर पोस्ट किया कि काश प्रधानमंत्री के लिए मणिपुर उनके परिवार का हिस्सा होता, तो आज शायद मणिपुर का हर नागरिक रोने को मजबूर नही होता.
क्या है आम आदमी पार्टी का दावा?
वहीं आम आदमी पार्टी ने भी इस वीडियो को शेयर किया, साथ ही कहा कि पिछले 1 साल हो गए, मणिपुर में हिंसा जारी है. लोग मर रहे हैं. खिलाड़ी जीत पर भी दुख में रो रहा है, देश का ये हाल कर दिया है पीएम मोदी ने.
वीडियो में क्या कह रहा है रेसलर
वीडियो में रेसलर चुंगरेंग को ये कहते हुए सुना जा सकता है कि मणिपुर में हिंसा हो रही है, करीब 1 साल हो गया है. हर दिन लोग मर रहे हैं, रिलीफ कैंप में लोगों को अच्छे से खाना नहीं मिलता है. बच्चे पढ़ाई नहीं कर पा रहे हैं. हम लोग मणिपुर के भविष्य को लेकर बहुत चिंतित हैं. मोदीजी आप एक बार मणिपुर में विजिट कीजिए. मणिपुर को शांति चाहिए. इस वीडियो को सोशल मीडिया यूजर्स भी जमकर शेयर कर रहे हैं.