रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन (DRDO) के चेयरमैन डॉ. समीर वी. कामत ने हाल ही में कहा कि अग्नि-6 (Agni-6) बैलिस्टिक मिसाइल का विकास पूरी तरह से सरकार के फैसले पर निर्भर है. वहीं, शेयर बाज़ार में सप्ताह के चौथे कारोबारी दिन बड़ी गिरावट देखने को मिली. इन खबरों के अलावा, दिल्ली एनसीआर में आज शाम अचानक से बारिश हुई. साथ ही सीलमपुर और यमुना विहार समेत कई इलाकों में ओले भी गिरे. पढ़ें गुरुवार शाम की बड़ी खबरें.
अग्नि-6 मिसाइल पर DRDO चीफ का बड़ा बयान, बोले- सरकार दे ग्रीन सिग्नल, हम तैयार हैं
DRDO के चेयरमैन डॉ. समीर वी. कामत ने हाल ही में कहा कि अग्नि-6 बैलिस्टिक मिसाइल का विकास पूरी तरह से सरकार के फैसले पर निर्भर है. उन्होंने कहा कि यह सरकार का निर्णय है. जब भी सरकार हमें हरी झंडी देगी, हम तैयार हैं. अग्नि-6 भारत की अगली इंटरकॉन्टिनेंटल बैलिस्टिक मिसाइल होगी, जो 10,000 किलोमीटर से अधिक दूरी तक मार करने में सक्षम होगी.
Stock Market Crash Reason: ये चार कारण... जिनसे बिखर गया शेयर बाजार, US-Iran से कनेक्शन
शेयर बाज़ार में सप्ताह के चौथे कारोबारी दिन बड़ी गिरावट देखने को मिली. कारोबार के अंत में BSE का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 582 अंक की गिरावट लेकर 77000 के नीचे बंद हुआ, जबकि नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 180 अंक फिसलकर 24,000 के लेवल से नीचे क्लोज़ हुआ. इस दौरान तमाम दिग्गज कंपनियों के शेयर शुरुआत से अंत तक टूटते हुए नज़र आए.
दिल्ली-NCR में बदला मौसम, कई जगह तेज हवाओं के साथ बारिश, सीलमपुर और यमुना विहार में गिरे ओले
दिल्ली-NCR में गुरुवार को तेज़ हवाओं के साथ कई जगहों पर हल्की बारिश एवं बूंदाबांदी दर्ज हुई है. इस दौरान गाज़ियाबाद और उत्तर पूर्वी दिल्ली के कई इलाकों में बारिश के साथ ओलावृष्टि भी देखने को मिली है. सीलमपुर, यमुना विहार और गाज़ियाबाद नें मोटे-मोटे ओले गिरे हैं. IMD ने दिल्ली में बदलते मौसम को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है.
ड्रेसिंग रूम में ‘वेपिंग’ का धुआं पड़ा भारी! रियान पराग पर 25% मैच फीस जुर्माना, एक डिमेरिट पॉइंट भी
राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रियान पराग पर IPL 2026 के मुकाबले में आचार संहिता के उल्लंघन को लेकर आधिकारिक कार्रवाई की गई है. पंजाब किंग्स के खिलाफ खेले गए मैच नंबर 40 के दौरान ड्रेसिंग रूम में वेपिंग करते पाए जाने पर उन्हें दोषी ठहराया गया. इस उल्लंघन को लेवल-1 अपराध माना गया, जिसके तहत उनपर मैच फीस का 25% जुर्माना लगाया गया है.
पश्चिम बंगाल में निर्वाचन आयोग को मतदान के दौरान ईवीएम पर काले टेप, चिपकने वाला पदार्थ और स्याही की 77 शिकायतें मिली हैं. चुनाव आयोग ने इन शिकायतों को गंभीर बताते हुए कहा था कि अगर ये सही पाई जाती हैं, तो ऐसे बूथ पर पुनर्मतदान कराया जाएगा. चुनाव आयोग की फुल कमीशन मीटिंग में यह फैसला होगा कि कहां और कब पुनर्मतदान कराना है.
नोएडा में अंतरराष्ट्रीय मजदूर दिवस पर हाई अलर्ट, धारा-163 लागू, ड्रोन से चप्पे-चप्पे की निगरानी
गौतमबुद्ध नगर पुलिस कमिश्नरेट ने अंतरराष्ट्रीय मज़दूर दिवस के अवसर पर सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद करने के लिए ज़िले को 11 ज़ोन और 49 सेक्टर में बांट दिया है. पूरे ज़िले में 30 अप्रैल से 8 मई तक धारा 163 लागू कर दी है. इसके तहत सार्वजनिक स्थान पर 5 या उससे अधिक व्यक्तियों के एक साथ खड़े होने और बिना अनुमति जुलूस निकालने पर प्रतिबंध है.
'गद्दार' लिखे जाने पर भड़के हरभजन सिंह, हाईकोर्ट में उठाए सवाल, पंजाब सरकार को घेरा
राज्यसभा सांसद और पूर्व भारतीय क्रिकेटर हरभजन सिंह ने अपनी सुरक्षा वापस लिए जाने के फैसले के खिलाफ पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट में याचिका दायर की है. हरभजन ने पिटीशन में अपनी सुरक्षा बहाल करने की मांग की है. इसके साथ ही उन्होंने उस घटना पर भी कार्रवाई की मांग की, जिसमें कथित तौर पर उनके घर के बाहर 'गद्दार' लिख दिया गया था.
Crude Oil Surge: फिर डराने लगा तेल... क्रूड की कीमत- $120 के पार, क्या करके मानेंगे ट्रंप?
अंतरराष्ट्रीय मार्केट में कच्चे तेल की कीमत 120 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गई है. 2022 के बाद कच्चे तेल की कीमतें अब 122 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गई हैं. रिपोर्ट्स की मानें, तो अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरानी बंदरगाहों की नाकाबंदी को बढ़ाने की तैयारी कर ली है और ऐसी ख़बरों के आते ही कच्चे तेल की कीमतों तेज़ उछाल आया है.
अमेरिका ने भारत को लौटाई 657 प्राचीन मूर्तियां, 120 करोड़ रुपये से ज्यादा है कीमत
अमेरिका ने करीब 120 करोड़ रुपये से भी ज्यादा कीमत की 657 दुर्लभ और प्राचीन कलाकृतियां भारत को लौटाई है. ये सभी आर्टफेक्ट इंटरनेशल तस्कर गिरोह कई सालों तक स्मगल कर अमेरिका ले गए थे. अमेरिका के मैनहट्टन ज़िला अटॉर्नी कार्यालय ने तस्करी की जांच के बाद इन कलाकृतियों को भारत को वापस करने की घोषणा की थी.
ईरान युद्ध से पाकिस्तान में कितनी तबाही मची है, शहबाज शरीफ के आंसू बता रहे हैं
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ ने बुधवार को कहा कि मध्य पूर्व में चल रहे युद्ध के कारण देश का साप्ताहिक तेल आयात बिल अब 800 मिलियन डॉलर तक पहुंच गया है. युद्ध शुरू होने से पहले यह बिल सिर्फ 300 मिलियन डॉलर के आसपास था. शहबाज़ ने बताया कि ईंधन पर सब्सिडी बढ़ाने पर विचार-विमर्श हो रहा है ताकि आम लोगों पर बोझ कम पड़े.