मिडिल ईस्ट में जंग रोकने के लिए आज इस्लामाबाद में पाकिस्तान, सऊदी अरब, तुर्की और मिस्र के विदेश मंत्रियों की अहम बैठक जारी है. 29-30 मार्च के इस महामंथन की शुरुआत फैमिली फोटो के साथ हुई, जिसका मकसद कूटनीति के जरिए शांति बहाली है.
दूसरी ओर, यूक्रेन ने रूसी तेल रिफाइनरियों पर ड्रोन हमले तेज कर दिए हैं, जिससे रूस की ऊर्जा व्यवस्था को भारी नुकसान पहुंचा है. देश की राजनीति की बात करें तो केरल के पलक्कड़ में पीएम मोदी ने रैली कर विपक्ष पर निशाना साधा, तो वहीं जेवर एयरपोर्ट को लेकर अखिलेश और मायावती के बीच 'श्रेय' की जंग छिड़ गई है. इधर, पश्चिम बंगाल में सीएम ममता बनर्जी ने बीजेपी पर उन्हें मारने की साजिश रचने का गंभीर आरोप लगाया है.
इस्लामाबाद में मिले इन 4 देशों के विदेश मंत्री, मिडिल ईस्ट जंग रोकने पर महामंथन शुरू
मिडिल ईस्ट में जारी भीषण तनाव और युद्ध को शांत करने के लिए पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में रविवार को एक बेहद अहम 'चतुर्भुज परामर्श' बैठक जारी है. 29 और 30 मार्च तक चलने वाली इस खास मीटिंग में पाकिस्तान के साथ सऊदी अरब, तुर्किये और मिस्र के विदेश मंत्री शामिल हुए हैं. बैठक के उद्घाटन के अवसर पर चारों देशों के नेताओं ने तस्वीर के लिए पोज दिया, जिसे इस संकट की घड़ी में एक बड़ी कूटनीतिक एकजुटता के तौर पर देखा जा रहा है.
पुतिन पर भारी पड़ रहे जेलेंस्की! यूक्रेन के ताबड़तोड़ ड्रोन हमलों से रूस की तेल इंडस्ट्री हिली
रूस-यूक्रेन युद्ध अब एक नए मोड़ पर पहुंचता दिख रहा है, जहां यूक्रेन सीधे रूस की सबसे बड़ी ताकत, उसकी ऊर्जा इंडस्ट्री को निशाना बना रहा है. हाल के दिनों में यूक्रेन ने रूस की कई तेल रिफाइनरी और एक्सपोर्ट टर्मिनल्स पर ताबड़तोड़ ड्रोन हमले किए हैं, जिससे मॉस्को की आर्थिक स्थिति पर दबाव बढ़ना तय है. यूक्रेनी सेना के मुताबिक, पिछले एक हफ्ते में ही कई बड़े हमले किए गए हैं, जो उस अभियान का हिस्सा हैं जिसकी शुरुआत पिछले साल शुरूकी गई थी. इस रणनीति का मकसद साफ है, रूस की उस आय को कमजोर करना, जिस पर उसकी युद्ध क्षमता काफी हद तक निर्भर है.
एक भ्रष्ट, दूसरा महाभ्रष्ट... केरल में बोले PM मोदी- LDF-UDF के 'डबल गेम' से ऊब चुकी है जनता
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने केरल के पलक्कड़ में एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए राज्य की राजनीति में बड़े बदलाव का शंखनाद कर दिया है. उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि यहां की जनता अब एलडीएफ (LDF) और यूडीएफ (UDF) के खोखले वादों से पूरी तरह पक चुकी है. पलक्कड़ की सड़कों पर जो उत्साह दिख रहा है, वह साफ बता रहा है कि यहां का माहौल अब एक बड़े 'मूवमेंट' यानी जन-आंदोलन में बदल चुका है.
जेवर में नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पहले चरण के उद्घाटन के बाद उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने इस प्रोजेक्ट का असली श्रेय अपनी सरकार को दिया. सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर सिलसिलेवार पोस्ट में मायावती ने कहा कि इस हवाई अड्डे का ब्लूप्रिंट और बुनियादी काम उनकी सरकार के दौरान ही शुरू कर दिया गया था. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को इस एयरपोर्ट का उद्घाटन किया था.
पश्चिम बंगाल के पुरुलिया में एक बड़ी जनसभा में टीएमसी की मुखिया और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने BJP पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने न सिर्फ कई गंभीर आरोप लगाए बल्कि यह भी कहा कि उनके खिलाफ साजिश रची जा रही है और उनकी जान को खतरा हो सकता है.