आज सुबह की ताजा खबर की बात करें तो उत्तरी अमेरिका में 5जी इंटरनेट लगाए जाने के कारण एअर इंडिया ने बुधवार से भारत-अमेरिका मार्गों पर 14 उड़ानें रद्द कर दीं. दरअसल, 5जी इंटरनेट की वेव्स विमान के नेविगेशन सिस्टम में हस्तक्षेप कर सकती हैं.
Corona Cases in India: कोरोना की लहर ने फिर पकड़ी रफ्तार, 8 महीने बाद 3 लाख के पार आए नए केस
कोरोना के केसों में आज गुरुवार को रिकॉर्डतोड़ वृद्धि हुई है. पिछले 24 घंटे में देश में कोरोना के तीन लाख से ज्यादा संक्रमित मरीज मिले हैं. ऐसा आठ महीनों बाद देखने को मिला है. इसके साथ-साथ 491 लोगों ने कोरोना से जान भी गंवाई है. हेल्थ मिनिस्ट्री के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में 3,17,532 नए कोरोना मरीज मिले हैं. इसके साथ ही ओमिक्रॉन के मरीजों की संख्या बढ़कर 9,287 हो गई है.
राजस्थान: किसान की जमीन नीलाम होने पर मिलने पहुंचे राकेश टिकैत, प्रशासन ने नीलामी रद्द की
राजस्थान के दौसा में एक गरीब किसान की जमीन नीलाम होते-होते बच गई. बैंक ने जमीन की निलामी एक दिन पहले ही कर दी थी. लेकिन अगले ही दिन किसान नेता राकेश टिकैत उससे मिलने पहुंच गए और प्रशासन ने आनन-फानन में नीलामी ही रद्द कर दी. मामला राजस्थान के दौसा जिले के रामगढ़ पचवारा गांव का है. किसान पप्पू लाल ने बताया कि उसके पिता ने राजस्थान मरुधरा ग्रामीण बैंक से लोन पिता ने लिया था. अब उनकी मौत हो चुकी है. लोन चुकाने की हमारी क्षमता नहीं है. यह बात हम पहले ही बैंक को बता चुके हैं.
UP: 'विधायक जी...इस बार MLA बनकर दिखा दो', मुजफ्फरनगर में ग्रामीणों ने BJP प्रत्याशी को खदेड़ा
उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में 10 फरवरी को पहले चरण में ही वोटिंग होनी है. यही वजह है कि मुजफ्फरनगर में नेताओं की राजनीतिक सक्रियता चरम पर है. इसी क्रम में खतौली विधानसभा सीट से बीजेपी के उम्मीदवार विक्रम सैनी के साथ जो हुआ वो जानकर आप भी हैरान हो जाएंगे. दरअसल चुनाव प्रचार करने के लिए विक्रम सैनी अपने विधानसभा क्षेत्र के मुनव्वरपुर गांव पहुंचे थे जहां लोगों ने उन्हें खदेड़ कर भगा दिया. बुधवार को विक्रम सैनी अपनी बिरादरी के लोगों के बीच ही एक मीटिंग में हिस्सा लेने के लिए पहुंचे थे लेकिन इसी दौरान किसी बात को लेकर ग्रामीणों ने विक्रम सैनी के साथ अभद्रता करते हुए उन्हें गांव से खदेड़ दिया.
अमेरिका में 5G इंटरनेट बना मुसीबत, दुर्घटना के डर से एअर इंडिया को रद्द करनी पड़ी 14 उड़ानें
5जी इंटरनेट के चलते कितना रिस्क हो सकता है इसको लेकर अभी भी विचार विमर्श जारी है. इस बीच उत्तरी अमेरिका में 5जी इंटरनेट लगाए जाने के कारण एअर इंडिया ने बुधवार से भारत-अमेरिका मार्गों पर 14 उड़ानें रद्द कर दीं. दरअसल, 5जी इंटरनेट की वेव्स विमान के नेविगेशन सिस्टम में हस्तक्षेप कर सकती हैं. इस बीच, डीजीसीए प्रमुख अरुण कुमार ने पीटीआई को बताया कि यूएस में 5जी इंटरनेट की तैनाती के कारण उत्पन्न हुई स्थिति से हमारे कैरियर्स को उबारने के लिए इंडियन एविएशन रेगुलेटर काम कर रहा है.
आजम खान की हालत बताते हुए बेटे अब्दुल्लाह का छलका दर्द, आंखों से निकले आंसू
यूपी चुनाव से ठीक पहले जेल से बाहर आए आजाम खान के बेटे अब्दुल्लाह आजम योगी सरकार पर हमलावर हैं. रामपुर में समाजवादी पार्टी कार्यालय में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए वो अपने पिता को याद करके रोने लगे. पिता आजम खान के साथ जेल में गुजारे गए 23 महीने का जिक्र करते हुए अब्दुल्लाह आजम भावुक हो गए और उनकी आंखों में आंसू आ गए. अब्दुल्लाह आजम ने पिता के आईसीयू में भर्ती होने का जिक्र करते हुए कहा, यह लड़ाई सीधे तौर पर मौजूदा सरकार से है. इसके अलावा अब्दुल्लाह आजम अपने विरोधियों पर सियासी तीर छोड़ने से भी नहीं चूके. अब्दुल्लाह आजम ने कहा कि जिम्मेदारी बहुत बड़ी है, मुकाबला बहुत बड़े लोगों से है. उन्होंने कहा, मुकाबला सियासत का होगा, दौलत का भी होगा, ज्यादती का भी होगा, नाइंसाफी का भी होगा लेकिन अपने मालिक पर यकीन रखते हुए उन तमाम मुश्किलात का सामना करना होगा.