scorecardresearch
 
Advertisement

Mumbai Rain Live: मॉनसून की बारिश में बंधक बनी मायानगरी... मुंबई-अहमदाबाद हाईवे पर लगा 3 किलोमीटर लंबा जाम

aajtak.in | नई दिल्ली | 07 जुलाई 2026, 12:51 PM IST

Mumbai Rain News Live Updates: महाराष्ट्र में मॉनसून पूरी तरह एक्टिव है. भारी बारिश महाराष्ट्र के कई शहरों में आफत बनकर बरस रही है. मायानगरी मुंबई में लोगों की जिंदगी संकट में घिरी है. इस बीच मौसम विभाग (IMD) ने मुंबई, पुणे, पालघर समेत तमाम इलाकों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है. मुंबई-पुणे में स्कूल और कॉलेज बंद हैं. बारिश के चलते परीक्षाएं भी रद्द की दी गई हैं.

Waterlogged due to Heavy Rain in Mumbai (Photo- PTI) Waterlogged due to Heavy Rain in Mumbai (Photo- PTI)

महाराष्ट्र में बारिश की जबरदस्त मार पड़ी है, मॉनसून अब आफत बनकर बरस रहा है. बीते सात दिनों में हुई बारिश ने मुंबई को बेहाल कर दिया है. पुणे से लेकर मुंबई, ठाणे, पालघर, नवी मुंबई और लोनावला तक मूसलाधार बारिश से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित है. वहीं, मुंबई समेत महाराष्ट्र के कई शहरों में आसमानी संकट अभी कम होने का नाम नहीं ले रहा है. मौसम विभाग ने मुंबई और उसके आसपास के इलाकों में भारी बारिश का अनुमान जताया है. IMD ने मुंबई के लिए रेड अलर्ट जारी किया है. जिसे देखते हुए मुंबई, नवी मुंबई और पालघर के सभी स्कूल-कॉलेज बंद हैं.

मुंबई में एक तरफ जहां सड़कें जलमग्न हैं तो वहीं ट्रेन की पटरियां भी पानी में गुम हैं. जिससे रेलवे की रफ्तार पर भी ब्रेक लगा है. लोकल ट्रेनें बाधित हो रही हैं. मुंबई में लोगों से अपील की गई है कि बहुत जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलें. पेड़ों, जर्जर इमारतों, होर्डिंग्स और बिजली के खंभों से दूर रहें. वाहनों को पेड़ों के नीचे पार्क न करें और समुद्र तट व जलभराव वाले इलाकों में जाने से बचें.

12:43 PM (3 घंटे पहले)

Traffic Jam: मुंबई-अहमदाबाद हाईवे पर 3 किलोमीटर लंबा जाम

Posted by :- Sana Zaidi

मुंबई-अहमदाबाद हाईवे पर लंबा ट्रैफिक जाम लगा है. जिससे मुंबई की ओर जा रहे वाहनों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. बताया जा रहा है कि मुंबई-अहमदाबाद हाईवे पर 3 किलोमीटर लंबा ट्रैफिक जाम लगा है. 

 

(मुंबई से विद्या का इनपुट)

11:23 AM (4 घंटे पहले)

Pune Rain: बारिश से बेहाल पुणे लेकिन जनता के बीच नहीं पहुंचे जनप्रतिनिधि

Posted by :- Sana Zaidi

पुणे में पिछले 24 घंटे की मूसलाधार बारिश ने जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है. लोणावला में 620 मिलीमीटर और पिंपरी-चिंचवड़ में 268 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जिसके बाद शहर के कई इलाकों में सड़कें नदी में तब्दील हो गई हैं. कई घरों में पानी घुस गया, जिससे लोगों का भारी नुकसान हुआ है.

सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब लोग अपने घरों से पानी निकालने और सामान बचाने में जुटे हैं, तब उनके चुने हुए जनप्रतिनिधि आखिर कहां हैं? प्रभावित इलाकों के लोगों का आरोप है कि अब तक कोई जनप्रतिनिधि या नेता उनकी सुध लेने नहीं पहुंचा है. प्रशासन राहत कार्य में जुटा है, लेकिन लोगों का कहना है कि मुश्किल की इस घड़ी में उन्हें अपने जनप्रतिनिधियों का साथ नहीं मिला.

(पुणे से श्रीकृष्ण पांचाल का इनपुट)

11:18 AM (4 घंटे पहले)

Heavy Rainfall Alert in Mumbai

Posted by :- Sana Zaidi

भारी बारिश को देखते हुए जर्जर इमारतों में रहने वाले लोगों से सतर्क रहने और प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है. खंडाला घाट सेक्शन में भूस्खलन के कारण मुंबई और पुणे के बीच रेल सेवाएं पूरी तरह से ठप हैं. 
 

11:17 AM (4 घंटे पहले)

Mumbai Monsoon: मॉनसून की बारिश में उफान पर नदियां, बाढ़ के हालात

Posted by :- Sana Zaidi

महाराष्ट्र के पुणे और लोनावला में भारी बारिश के कारण इंद्रायणी नदी उफान पर है. आलंदी में भी बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गए हैं. आलंदी के चारों पुल भी पानी में डूबे हैं.
 

Advertisement
11:17 AM (4 घंटे पहले)

Pune Rain: बारिश के बीच गिरी दो मंजिला इमारत

Posted by :- Sana Zaidi

महाराष्ट्र के पुणे में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के बीच एक दो मंजिला इमारत अचानक भरभराकर गिर गई. देखते ही देखते पूरी इमारत ताश के पत्तों की तरह जमींदोज हो गई. राहत की बात यह रही कि हादसे से पहले ही अग्निशमन विभाग ने इमारत में रह रहे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया था, जिससे बड़ा हादसा टल गया. फिलहाल प्रशासन ने इलाके की घेराबंदी कर मलबा हटाने का काम शुरू कर दिया है.

 

10:37 AM (5 घंटे पहले)

Mumbai Rain Update: मुंबई में बारिश का रेड अलर्ट, स्कूल-कॉलेज बंद

Posted by :- Sana Zaidi

मौसम विभाग (IMD) ने मुंबई के लिए रेड अलर्ट जारी किया है. जिसके चलते मुंबई, नवी मुंबई और पालघर के सभी स्कूल-कॉलेज बंद हैं, जबकि मुंबई यूनिवर्सिटी की परीक्षाएं भी स्थगित कर दी गई हैं.
 

10:31 AM (5 घंटे पहले)

Railway tracks waterlogged: बारिश के पानी में डूबा रेलवे ट्रैक

Posted by :- Sana Zaidi

पालघर के वसई-विरार और नालासोपारा में हालात ऐसे हैं जैसे सबकुछ डूब चुका है. पूरा रेलवे ट्रैक बारिश के पानी में डूबा हुआ नज़र आएगा. प्लेटफॉर्म के पास भी रेलवे ट्रैक पर समंदर सा बह रहा है.लोनावला कर्जत सेक्शन पर भी लैंडस्लाइड की वजह से बहुत सी ट्रेनें कैंसिल की गई हैं और कई के रूट्स डायवर्ट किए गए हैं.


 

 

10:18 AM (5 घंटे पहले)

Pune Landslide: बारिश के कारण पुणे में लैंडस्लाइड, 3 लोगों की मौत

Posted by :- Sana Zaidi

महाराष्ट्र के पुणे में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच भूस्खलन का बड़ा हादसा सामने आया है. मावल में पहाड़ी का एक हिस्सा खिसककर एक घर पर आ गिरा, जिससे एक ही परिवार के तीन लोगों की मलबे में दबकर मौत हो गई. सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और राहत दल मौके पर पहुंचे और कई घंटों की मशक्कत के बाद मलबा हटाया गया. प्रशासन ने लोगों से भूस्खलन संभावित इलाकों में सतर्क रहने और जरूरत पड़ने पर सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की है.

10:18 AM (5 घंटे पहले)

Waterlogged Due to Heavy rain: नासिक की सड़कें बनी दरिया

Posted by :- Sana Zaidi

नासिक जिले में भारी बारिश से शहर के कई इलाकों में जलभराव हो गया है. सड़कें पानी से भर गई हैं और लोगों को आने-जाने में काफी परेशानी हो रही है. श्री त्रिंबकेश्वर मंदिर क्षेत्र में भी भारी जलभराव है. मंदिर के आसपास की सड़कें और निचले इलाके पानी में डूबे हैं. प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है.

 

Advertisement
10:15 AM (5 घंटे पहले)

Mumbai Rain Live: बारिश के बीच घरों से निकलना मुश्किल

Posted by :- Sana Zaidi

शहर के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बनने से लोगों का घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है. सड़क और रेल यातायात भी बुरी तरह प्रभावित है. तेज बारिश के साथ चल रही तूफानी हवाओं के कारण कई स्थानों पर पेड़ गिरे हैं. BMC के अनुसार, पिछले 24 घंटे में 500 से ज्यादा पेड़ गिरने के कारण यातायात व्यवस्था चरमराई है.


 

10:14 AM (5 घंटे पहले)

Mumbai Rain: पिछले 4 दिनों में 13 लोगों की मौत

Posted by :- Sana Zaidi

मुंबई में लगातार हो रही भारी बारिश और आंधी-तूफान से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित है. पिछले 4 दिन में इस प्राकृतिक आपदा से मरने वालों की संख्या 13 हो गई है. 
 

10:14 AM (5 घंटे पहले)

Maharashtra Rain: तेज हवाओं के साथ भारी बारिश

Posted by :- Sana Zaidi

महाराष्ट्र के तमाम जिलों में सिर्फ बारिश का संकट नहीं है बल्कि कई जिलों में भारी बारिश के साथ तेज हवाओं का भी अलर्ट है. मौसम विभाग ने मुंबई और उसके आसपास के इलाकों में 7 जुलाई को भी भारी बारिश का अनुमान जताया है.

Advertisement
Advertisement