भारत सरकार ने ऑनलाइन बेटिंग एप पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगा दिया है ,बावजूद इसके इन ऑनलाइन बेटिंग के जाल ने युवाओं को घेर रखा है. ताज़ा मामला महाराष्ट्र के नागपुर का है ,जहां डॉक्टरी की पढ़ाई कर रहे छात्र ने इसी ऑनलाइन बेटिंग एप की वजह से चोरी करना शुरू कर दिया. नागपुर पुलिस ने युवक के पास से करीब 23 लाख का माल भी जब्त किया है.
ये पूरा मामला नागपुर के रेलवे स्टेशन का है जहां बीकानेर एक्सप्रेस ट्रेन पहुंची. इसी ट्रेन में छत्तीसगढ़ के रायपुर का रहने वाला चंदवानी परिवार सफर कर रहा था. तभी ट्रेन नागपुर स्टेशन रुकी, और अचानक से महिला का बैग गुम हो गया , महिला के सिरहाने में रखे पर्स में सोने के गहने और 20,000 रुपये नकद रखे थे.
रेलवे पुलिस ने करीब 9 दिनों तक मामले की जांच की और मामला सुलझा लिया, पुलिस ने 200 से ज्यादा सीसीटीवी फुटेज खंगाले , जिससे एक संदिग्ध की पहचान हुई. दरअसल, ये युवक फिर से 7 अप्रैल को चोरी के इरादे से रेलवे स्टेशन में घूम रहा था , तभी चेकिंग के दौरान भागने की कोशिश करने लगा ,लेकिन रेलवे पुलिस ने उसे पकड़ लिया गया. पकड़ा गया आरोपी युवक महाराष्ट्र के नांदेड़ जिले का रहने वाला है. उसका नाम रोहित दूय्येवार है जो कि नागपुर के वेटरनरी कॉलेज में डॉक्टरी की पढ़ाई कर रहा है.
रेलवे पुलिस के मुताबिक आरोपी रोहित के पास से करीब 23 लाख रुपये के गहने बरामद किए गए हैं. बाकी सामान की तलाश जारी है. जांच में पता चला कि आरोपी ऑनलाइन बेटिंग में काफी पैसा हार गया था, जिसके कारण उसने चोरी का रास्ता अपनाया.