scorecardresearch
 

57 साल के आदमी ने पहना बुर्का, महिला कोच में कर रहा था सफर, 25 CCTV खंगालने के बाद नासिक से दबोचा गया

मुंबई की लोकल ट्रेन में 57 साल का आदमी बुर्का पहनकर महिला कोच में सफर कर रहा था. पुलिस ने उसे नासिक से गिरफ्तार किया है. सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद जीआरपी ने बिना किसी औपचारिक शिकायत के मामले का स्वत: संज्ञान लेकर जांच शुरू की थी. CCTV फुटेज के आधार पर पुलिस आरोपी तक पहुंच गई.

Advertisement
X
बुर्का पहने महिला कोच में सफर कर रहा था शेख अल्ताफ हुसैन इशाक. (Photo: Representational)
बुर्का पहने महिला कोच में सफर कर रहा था शेख अल्ताफ हुसैन इशाक. (Photo: Representational)

मुंबई की लोकल ट्रेन में महिला कोच में बुर्का पहनकर यात्रा करने का मामला सामने आया है. पुलिस ने एक्शन लेते हुए 57 साल के आदमी को नासिक से पकड़ा है. दरअसल, यह घटना 6 फरवरी को घाटकोपर रेलवे स्टेशन पर सामने आई थी, जिसका वीडियो अगले दिन सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था.

एजेंसी के अनुसार, इस मामले में किसी महिला यात्री ने इस मामले में औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई थी, फिर भी जीआरपी ने मामले को गंभीरता से लिया और जांच शुरू कर दी. जांच के दौरान आरोपी की पहचान शेख अल्ताफ हुसैन इशाक के रूप में हुई है, जो नासिक के मुक्तिधाम इलाके का रहने वाला है.

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, 6 फरवरी को आरोपी पहले ठाणे रेलवे स्टेशन पर पाटिलपुत्र एक्सप्रेस के जनरल कोच से उतरा था. इसके बाद उसने मुंबई की लोकल ट्रेन पकड़ी और महिला कोच में सवार हो गया.

यह भी पढ़ें: बुर्का पहनकर लड़की को छत से फेंकने वाला तौफीक गिरफ्तार, दिल्ली पुलिस ने रामपुर से पकड़ा

जांच के दौरान जीआरपी टीम ने घाटकोपर और ठाणे स्टेशन के CCTV फुटेज खंगाले. आगे की पड़ताल में इगतपुरी रेलवे स्टेशन और नासिक रोड रेलवे स्टेशन के फुटेज भी देखे गए, जिनमें आरोपी बुर्का पहने नजर आया. एक वीडियो में वह नासिक रोड स्टेशन पर फेंसिंग कूदते हुए भी दिखा.

Advertisement

मुंबई जीआरपी की टीम ने 8 फरवरी से 17 फरवरी के बीच नासिक शहर के 25 से अधिक CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग की जांच की. आरोपी की पहचान उसके चलने के खास अंदाज और जूतों के आधार पर की गई. बाद में पुलिस उसके घर भी पहुंची और तलाशी ली गई, जहां से वही जूते और बैग बरामद हुए, जो फुटेज में दिखाई दे रहे थे. परिवार के सदस्यों ने भी उसकी पहचान की पुष्टि की.

पूछताछ के दौरान आरोपी ने कोई भी स्पष्ट जवाब नहीं दिया. पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि वह सिजोफ्रेनिया नाम की मानसिक बीमारी से पीड़ित है और संभाजीनगर के एक मेंटल हॉस्पिटल में उसका इलाज चल रहा है. अधिकारियों के अनुसार, बीमारी के कारण वह कभी-कभी घर से भटक जाता है.

फिलहाल पुलिस आगे की कानूनी प्रक्रिया में जुटी है. इस मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई शुरू की थी.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement