महाराष्ट्र में जारी सियासी घमासान के बीच जहां एकनाथ शिंदे ने मंगलवार देर रात गुवाहाटी के होटल रेडिसन में मौजूद सभी विधायकों की आपात बैठक बुलाई. वहीं देवेंद्र फडणवीस ने राज्यपाल से मुलाकात कर फ्लोर टेस्ट करवाने की मांग कर दी है. जानकारी के मुताबिक 8 निर्दलीय विधायकों ने भी राज्यपाल को फैक्स भेजकर फ्लोर टेस्ट की मांग की है.
क्या कहा निर्दलीय विधायकों ने
8 निर्दलीय विधायकों ने पहली बार राज्यपाल को फैक्स भेजकर फ्लोर टेस्ट कराने की मांग की. उन्होंने दावा किया कि MVA के पास सरकार बनाने के लिए बहुमत नहीं है. ये वही विधायक हैं, जो गुवाहाटी में एकनाथ शिंदे के साथ हैं.
शिवसेना ने भी तैयार किया खाका
वहीं शिवसेना का खेमा भी एक्टिव है. सूत्रों के मुताबिक अगर राज्यपाल द्वारा फ्लोर टेस्ट के लिए बुलाए जाने पर उद्धव ठाकरे का खेमा SC का दरवाजा खटखटा सकता है. सूत्रों ने बताया कि उद्धव ठाकरे गुट सबसे पहले शिंदे समेत 16 विधायकों की अयोग्यता के मामले में निपटारे की मांग करेगा.
सूत्रों ने बताया कि फिलहाल महा विकास आघाड़ी राज्यपाल के आदेश की कॉपी का इंतजार कर रहा है. उसके बाद ही याचिका दाखिल की जाएगी. यानी याचिका का खाका तो तैयार कर लिया गया है. बाकी राज्यपाल के आदेश की कॉपी में से भी कुछ बिंदु शामिल किए जाएंगे.
राज्यपाल से मुलाकात के बाद ये बोले फडणवीस
उधर, फडणवीस ने राज्यपाल से मुलाकात के बाद कहा कि हमारी तरफ से राज्यपाल को एक चिट्ठी दे दी गई है. बागी विधायक कह रहे हैं कि उन्हें शिवसेना के साथ नहीं जाना है, वो महा विकास अघाड़ी को भी समर्थन नहीं दे रहे हैं. ऐसे में राज्यपाल को तुरंत फ्लोर टेस्ट के आदेश देने चाहिए. उद्धव सरकार को बहुमत साबित करना चाहिए.
उन्होंने ये भी कहा है कि शिवसेना के इन विधायकों को धमकाया जा रहा है. राज्यसभा सदस्य संजय राउत ने सार्वजनिक रूप से कहा है कि उनके 40 शव गुवाहाटी से लौटाए जाएंगे. इसके अलावा, शिवसेना के अन्य नेता भी इसी तरह की धमकी भरी भाषा का इस्तेमाल कर रहे हैं. ऐसे में ज्यादा समय बर्बाद नहीं किया जा सकता है.